कटनी

9000 किमी सफर, तीन एयरपोर्ट, 50 बस स्टैंड, 15 रेलवे स्टेशनों की छानबीन के बाद दो आरोपी गिरफ्तार

17 दिन की तलाश के बाद भगवान वेंकटेश मंदिर राजस्थान में हुई चोरी का खुलासा कटनी पहुंची राजस्थान की पुलिस, कोतवाली थाने में रहा सराफा करोबारियों के बीच गहमागहमी का माहौल
3 min read
Mar 10, 2026
Sensational revelation of theft in the temple
Sensational revelation of theft in the temple

कटनी. राजस्थान के नागौर जिले के मुंडवा थाना क्षेत्र स्थित प्राचीन भगवान वेंकटेश मंदिर में हुई 20 किलो चांदी के आभूषणों की चोरी का खुलासा राजस्थान पुलिस ने 17 दिनों की लंबी जांच के बाद कर दिया। इस मामले में कटनी से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अधिकांश चोरी का सामान बरामद किया गया है। कार्रवाई में कटनी की कोतवाली पुलिस ने भी सहयोग किया। जानकारी के अनुसार 16 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर के पीछे के दरवाजे से प्रवेश कर भगवान वेंकटेश को चढ़ाए गए करीब 20 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद मंदिर के देखरेखकर्ता जगदीश शर्मा ने मुंडवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की वारदात में शामिल एक आरोपी दिसंबर 2025 तक मंदिर में पुजारी के रूप में काम कर चुका था। विवाद के बाद वह मंदिर छोडकऱ कटनी आ गया था। बाद में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की योजना बनाई और ट्रेन से नागौर पहुंचकर वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंडवा थाना प्रभारी सुरेश के नेतृत्व में 9 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर राजस्थान से कटनी, फिर जगन्नाथ पुरी सहित कई राज्यों में आरोपियों की तलाश की। फरारी के दौरान आरोपी मुंबई, पुणे और उड़ीसा जैसे शहरों में भी छिपते रहे, लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी से बच नहीं सके।

मोबाइल लोकेशन से हुई गिरफ्तारी

आखिरकार पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर कटनी पहुंचकर दोनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष कुमार द्विवेदी (40) निवासी जलपा वार्ड और राहुल रजक निवासी पाठक वार्ड शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 200 ग्राम चांदी के आभूषण बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के अधिकांश आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार इस मामले को सुलझाने के लिए टीम ने 17 दिनों में करीब 9000 किलोमीटर का सफर तय किया और 50 बस स्टैंड, 15 रेलवे स्टेशन तथा तीन एयरपोर्टों की जांच की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और मंदिर में हुई बड़ी चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सराफा कारोबारी पहुंचे कोतवाली

जब राजस्थान की पुलिस कटनी पहुंची और आरोपियों की निशानदेही पर जो जेवरात सराफा कारोबारी को बेचे थे, वहां पर भी कार्रवाई करने पहुंचे। पूछताछ के लिए कोतवाली बुलवाया गया। इस दौरान बड़ी तादात में कारोबारी एकत्रित हो गए। काफी गहमा-गहमी का माहौल बना रहा। टीआई राखी पांडेय ने बताया कि समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। आरोपी को पुलिस ने 6 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था, लंबी पूछताछ के बाद आरोपी के घर से चोरी के जेवरात व बर्तन बरामद किए हैं।

वर्जन

16 फरवरी की रात मंदिर में चोरी की बड़ी घटना हुई थी। गंभीर घटना होने पर एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। कई सीसीटीवी कैमरे खंगाले। आरोपियों को गिरफ्तार कर आरोपियों की निशानदेही पर चांदी का मशरुका बरामद किया गया है। आरोपियों की 7 राज्यों, 50 बस स्टैंड, 15 बस स्टैंड, 3 एयरपोर्ट में 9 हजार किमी तक 17 दिनों में तक तलाश की। जिसमें बड़ी सफलता मिली है। कटनी के आजाद चौक से माल बरामद किया है।

सुरेश चौधरी, निरीक्षक मुंडवा राजस्थान।

Updated on:
10 Mar 2026 09:34 am
Published on:
10 Mar 2026 09:34 am