
jila asptal katni
कटनी. जिला अस्पताल की रोगी कल्याण समिति में काम करने वाले एक दर्जन से अधिक कर्मचारियों को कभी खुशी-कभी गम वाले हालातों से गुजरना पड़ रहा है। पहले तीन माह अक्टूबर नवंबर, दिसम्बर में डबल वेतन हमला तो खुशी वाले दिन रहे, खूब खर्च किया, लेकिन पड़ताल नहीं की, लेकिन अब जनवरी, फरवरी व मार्च माह में गम के दिन याने कि बगैर वेतन बीत रहे हैं। दरअसल इनके वेतन का भुगतान रोगी कल्याण समिति से व आउटसोर्स कंपनी कॉमथेन से भुगतान किया गया, लेकिन जब हकीकत सामने आई तो अब तीन माह से कटौती का दौर जारी है, जिससे कर्मचारी खासे परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में काम करने वाले अभिषेक सिंह एक्सरे, तरुण यादव इलेक्ट्रिशियन, शिवनाथ कुशवाहा माली, रमेश कुशवाहा माली, सुशील यादव चालक, रामकरण पटेल वार्ड ब्वाय, विक्टोरिया आया, मधु आया सहित लगभग 13 कर्मचारी रोगी कल्याण समिति में वर्षों से काम कर रहे थे। कुछ माह पहले स्वास्थ्य विभाग द्वारा मल्टी ग्रुप डी में शिफ्ट कर दिया गया, जिससे उनके सामने बड़ी समस्या आ बनी।
पिछले वर्ष कर्मचारियों को जब ग्रुप डी में शामिल किया गया तो उन्हें आउटसोर्स कंपनी में जोड़ दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कर्मचारी मुहैया कराने की ठेका कॉमथेन एजेंसी को दिया गया है। एजेंसी को काम सौंपने के बाद स्वास्थ्य विभाग व एजेंसी के बीच समन्वय नहीं हो पाया। एग्रीमेंट से इतर रोगी कल्याण समिति से भी 13 कर्मचारियों को वेतन का भुगतान अक्टूबर, नवंबर, दिसम्बर में कर दिया गया, वहीं दूसरी ओर एजेंसी ने भी भुगतान कर दिया।
जिला अस्पताल में पदस्थ लिपिक अंकित सिंह ने जब दस्तावेजों की जांच की तो पाया कि इन कर्मचारियों को पूर्व की तरह रोगी कल्याण समिति से भी और संस्था द्वारा भी भुगतान किया जा रहा है। इसके बाद समायोजन की प्रक्रिया शुरू की गई। अब तीन माह जनवरी, फरवरी व मार्च माह में 13 कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जा रहा। पूर्व में हुए डबल भुगतान का समायोजन किया जा रहा है। जिला अस्पताल प्रबंधन के अनुसार कर्मचारियों को मार्च पेटे अपे्रल माह से आउटसोर्स द्वारा भुगतान किया जाएगा।
कर्मचारियों ने कहा कि वे 15 से 20 वर्षों से रोगी कल्याण समिति में काम कर रहे थे। हर कठिन परिस्थितियों में भी ड्यूटी की। उनको उम्मीद थी कि उनका भविष्य सुरक्षित होगा, लेकिन समिति से हटाकर उल्टा आउटसोर्स कंपनी में शामिल कर दिया गया है। कभी शेडमेप संस्था में तो भी कॉमथेन संस्था में बताया गया।
13 आउटसोर्स कर्मचारियों को तीन माह के वेतन का भुगतान आउटसोर्स कंपनी ने भी कर दिया था और तीन माह का वेतन रोगी कल्याण समिति से भी हो गया था। जब इसकी जानकारी लगी तो उसका समायोजन करा लिया गया है। अप्रेल माह से सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को संस्था द्वारा ही वेतन का भुगतान किया जाएगा।
Updated on:
09 Mar 2026 08:57 am
Published on:
09 Mar 2026 08:57 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
