गायत्री नगर, मंगलनगर पुलिया पर प्रस्तावित फ्लाइओवर से कटनी जंक्शन, साउथ व मुड़वारा होंगे कनेक्ट
कटनी. शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए तीनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों को जोड़ने वाला फ्लाइओवर फिलहाल अधर में लटका हुआ है। सेतु निगम द्वारा गायत्री नगर एवं मंगलनगर पुलिया क्षेत्र में फ्लाइओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिससे कटनी जंक्शन, कटनी साउथ और मुड़वारा स्टेशन आपस में सीधे जुड़ सकें।
सेतु निगम द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए तीन अलग-अलग प्रस्ताव दो माह पहले तैयार किए गए हैं। योजना के तहत तीनों स्टेशनों को जोड़ने के लिए अलग-अलग फ्लाइओवर बनाने का प्लान है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में कार्यपालन यंत्री द्वारा जेडी (ज्योमेट्रिक डिजाइन) बनाकर निगम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। जेडी को मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
यह पूरा सर्वे एवं प्रारंभिक प्रक्रिया शहर विधायक संदीप जायसवाल की पहल पर की गई है। निगम ने क्षेत्र का सर्वे कर तकनीकी संभावनाएं तलाशीं, ताकि शहर की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान निकल सके। वर्तमान स्थिति यह है कि फ्लाइओवर के अभाव में गायत्री नगर और मंगलनगर पुलिया पर रोजाना हजारों लोग जाम से जूझते हैं। पीक आवर्स में यहां लंबा ट्रैफिक जाम लगना आम बात है। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जब दोनों अंडरपास जलमग्न हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में शहर दो हिस्सों में बंट जाता है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या वर्षों से गंभीर बनी हुई है, इसके बावजूद शीघ्र फ्लाइओवर निर्माण के लिए विभागीय स्तर पर अपेक्षित सक्रियता नजर नहीं आ रही है। अब निगाहें जेडी की स्वीकृति पर टिकी हैं, क्योंकि इसके बाद ही डीपीआर और आगे की निर्माण प्रक्रिया का रास्ता साफ हो सकेगा। यदि योजना समय पर अमल में आती है, तो कटनी शहर को जाम और जलभराव से बड़ी राहत मिल सकती है।
तीनों रेलवे स्टेशनों को जोड़ने के लिए फ्लाइओवर निर्माण के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। जेडी स्वीकृति के लिए भेजी जा चुकी है। स्वीकृति मिलते ही डीपीआर बनाई जाएगी, जिसके बाद आगे की निर्माण प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।