आंधी बारिश से दो महिलाओं की मौत, एनकेजे के जुहला व कुठला के लमतरा फाटक की घटना
कटनी. दोपहर को अचानक चली तेज आंधी व बारिश में पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने व दीवार गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मंगलवार की दोपहर २.३० बजे के लगभग बदले मौसम में आधे घंटे तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। उस दौरान एनकेजे थाना के जुहला गांव में कुसुम बाई चौधरी किशोरी चौधरी ४० वर्ष बचने के लिए जुहला मुख्य मार्ग पर ढाबा के पास पेड़ के नीचे खड़ी थी। बताया जाता है कि पेड़ में आकाशीय बिजली गिरी और डाल टूटने से महिला उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं एक अन्य घटना में कुठला थाना के लमतरा फाटक के पास कन्हवारा निवासी वर्षा बाई पति बबलू भुमिया ३२ भुमिया काम करती थी। आंधी बारिश में भवन की दीवार गिर गई। जिसमें दबकर वर्षा घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसी दौरान लमतरा इंडस्ट्रियल एरिया में भी कई फैक्ट्ररी के टीन शेड उड़ गए तो कन्हवारा के छैगरा गांव में दो लोगों के मकान की दीवार व आधा दर्जन के लगभग लोगों के घरों के छप्पर उड़ गए। घटना में दो लोगों को मामूली चोट भी आईं। बारिश से शहर की कई सड़कों में भी पानी भर गया।
कन्हवारा में आंधी से गिरी दीवारें, उड़े छप्पर
तेज बारिश व आंधी में विजयराघवगढ़ थाना के कन्हवारा ग्राम में कई घरों के छप्पर उड़ गए और दीवार गिर गईं। जिसमें लोगों की गृहस्थी का समान नष्ट हो गया तो दो लोगों को मामूली चोट भी आईं। दोपहर को तेज हवाओं में अनुज तोमर, सुभदरी बाई और बद्री प्रसाद चौधरी के मकान का छप्पर व दीवार गिर गई। जिसमें उनकी गृहस्थी की सामग्री खराब हो गई। वहीं सोमवती नाम की महिला व उसकी छोटी बेटी को मामूली चोट आईं। वहीं गांव के शिव प्रसाद नामदेव, लखन चौधरी, किसन चौधरी, फूलचंद चौधरी, करण चौधरी, अमृतलाल, विनय पटेल, हरछटिया, सुमित वाधवानी के घर का छप्पर उड़ गया। जिसमें सामग्री नष्ट हो गई। देर शाम गांव में राजस्व विभाग की टीम लोगों के नुकसान का आंकलन करने पहुंची। वहीं आंधी में शहर से लगे लमतरा फाटक इंडस्ट्रियल एरिया में भी कई फैक्ट्ररी के टीन शेड हवा में उड़ गए।