बाइक चला रहे युवक ने पुलिसकर्मी से की धक्कामुक्की, जमकर हंगामा किया...
कटनी. एक तो चोरी ऊपर से सीना जोरी..कुछ ऐसा ही मामला कटनी में सामने आया है। दरअसल यहां पुलिस वाहन चैकिंग अभियान चला रही थी इसी दौरान एक युवक को जैसे ही पुलिसकर्मी ने रोका तो उसने बखेड़ा खड़ा कर दिया। उसने रोड पर ही बाइक को पटक दिया और पुलिस आरक्षक से धक्कामुक्की करने लगा। रोड पर बाइक चालक युवक के हंगामा और पुलिसकर्मी के साथ धक्कामुक्की करते हुए एक वीडियो भी सामने आया है जिसे मौके पर ही मौजूद किसी शख्स ने अपने मोबाइल में कैद किया है। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बाइक रोकने पर पुलिसकर्मी से उलझा युवक
जानकारी के मुताबिक कटनी में पुलिस नियम विरुद्ध तरीके से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरा एक आरक्षक ने जब एक बाइक चालक को रोका तो वो भड़क गया और बाइक को सड़क में गिराकर आरक्षक से धक्का-मुक्की करने लगा। पुलिसकर्मियों ने पहले तो उसे समझाने की कोशिश की लेकिन जब वो नहीं माना तो पुलिसकर्मी उसे पकड़कर थाने ले गए पर युवक ने वहां पर भी काफी देर तक हंगामा किया। बाद में पुलिस ने युवक की बाइक का 500 रुपए का चालान काटा और समझाइश देकर उसे थाने से रवाना कर दिया।
देखें वीडियो-
बाइक पर नहीं था नंबर
पुलिस का कहना है कि वाहन चैकिंग के दौरान युवक ने हंगामा किया था जिसे समझाइश देकर चालानी कार्रवाई कर छोड़ दिया गया। उसकी बाइक पर नंबर नहीं था इसलिए आरक्षक ने उसे चैकिंग के दौरान रोका था। हंगामा करने और धक्कामुक्की करने के कारण उसे पकड़कर थाने ले गए थे जहां बाइक पर नंबर न होने के कारण उसका 500 रुपए का चालान बनाया गया और फिर उसे छोड़ दिया। कोतवाली पुलिस द्वारा शनिवार को 18 वाहनों के चालान काटे गए, जिनसे 5 हजार 750 रुपए राजस्व वसूल किया गया है।
देखें वीडियो-