Ganja Smuggler: कवर्धा जिले के चिल्फी की सड़क पर चल रही नियमित चेकिंग उस समय बड़ी सफलता में बदल गई, जब पुलिस ने सफेद टाटा जेस्ट कार से 15.480 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
Ganja Smuggler: कवर्धा जिले के चिल्फी की सड़क पर चल रही नियमित चेकिंग उस समय बड़ी सफलता में बदल गई, जब पुलिस ने सफेद टाटा जेस्ट कार से 15.480 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सिर्फ एक बरामदगी नहीं, बल्कि ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैले एक सुनियोजित ड्रग नेटवर्क के पर्दाफाश की पहली कड़ी मानी जा रही है। जब्त गांजे की कीमत 7 लाख 75000 रुपए आंकी गई है, जबकि वाहन और मोबाइल समेत कुल 12 हजार 95 हजार रुपए की मशरुका बरामद हुई है।
कबीरधाम पुलिस लंबे समय से इस मार्ग पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। 31 जनवरी 2026 को थाना चिल्फी क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार सीजी 18 एम 1456 को रोका गया। तलाशी में कार के भीतर रखे तीन पिट्ठू बैग से 15 पैकेट गांजा मिला। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।गिरफ्तार आरोपी में इमाम खान(40), महताब अहमद (25) निवासी हमीरपुर उप्र और मो.रासिक (29) गुडग़ांव हरियाणा वर्तमान निवास रायपुर शामिल है।
थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बेहद व्यवस्थित तरीके से काम करता था। महताब अहमद और मो. रासिक बस या ट्रेन से ओडिशा के सोनपुर जाते थे। वहां से गांजा लेकर रायपुर लौटते थे। रायपुर निवासी टैक्सी चालक इमाम खान पूर्व निर्धारित योजना के तहत इसे अपनी कार में छिपाकर हमीरपुर उत्तर प्रदेश ले जाता था। हमीरपुर में गांजे को छोटी-छोटी पुडिय़ों में बांटकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पहले भी इसी तरीके से तस्करी कर चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि यह नेटवर्क स्थानीय स्तर तक फैला हुआ है। वहीं इस कार्रवाई में थाना चिल्फी की टीम सउनि दर्शन साहू, आरक्षक पंकज यादव, अमन वाहने, दिलीप जायसवाल, सुनील मरावी और पप्पू पनागर की सक्रिय भूमिका रही। वहीं तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।