खंडवा

198 करोड़ में बन रही 108 फीट ऊंची आदि शंकराचार्य की प्रतिमा, सीएम शिवराज पहुंचे ओंकारेश्वर

ओंकारेश्वर धाम में 198 करोड़ रुपए की लागत से करीब 108 फीट की आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का निर्माण हो रहा है, शुक्रवार को प्रतिमा निर्माण कार्य की समीक्षा करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे।

2 min read
May 05, 2023
shnkarchary.jpg

खंडवा. बारह ज्योर्तिलिंग में से एक ज्योर्तिलिंग मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर में स्थित हैं, यहां देशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, यहीं पर करीब 198 करोड़ रुपए की लागत से 108 फीट ऊंची आदि शंकराचार्य की विशाल प्रतिमा तैयार हो रही है, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को नर्मदा स्नान करने के बाद पूजा अर्चना कर प्रतिमा निर्माण कार्य की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ गुरुवार शाम को हेलीकॉप्टर से तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचे। वे गुरुवार शाम को ही सीधे सैलानी टापू रिसोर्ट पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम किया। यहां बंद कमरे में सांसद, क्षेत्रीय विधायकों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, विधायक देवेंद्र वर्मा, नारायण पटेल, राम दांगोरे, बड़वाह विधायक सचिन बिरला, कमिश्नर डॉ. पवन कुमार शर्मा, आइजी राकेश कुमार गुप्ता, कलेक्टर अनूप कुमार सिंह और एसपी सत्येंद्र शुक्ल सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया।

मूर्ति स्थापित करने के लिए स्तंभ का ग्राउंड स्तर से निर्माण 30 फीट ऊंचा हो चुका है। स्तंभ कुल 50 फीट ऊंचा बनना है। अगस्त में आदि गुरु की प्रतिमा के अनावरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यह प्रतिमा 108 फीट ऊंची होगी जोकि प्रदेश की सबसे ऊंची शंकराचार्य प्रतिमा होगी। यह काम 30 सितंबर तक पूरा होगा। इंदौर संभागायुक्त डॉ. पवन शर्मा हर सप्ताह प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।

आदि गुरु शंकराचार्यक की मूर्ति बनाने का मटेरियल भी यहां पर कंटेनर के माध्यम से पहुंच चुका है। मूर्ति को कई टुकड़ों में तैयार करके यहां पर लाया गया है। आधार स्तंभ का कार्य पूर्ण होते ही मूर्ति को असेंबल करने का कार्य शुरू हो जाएगा। मूर्ति का प्रथम इनॉग्रेशन (उद्घाटन)15 अगस्त को किया जाएगा। मूर्ति असेंबल करने के बाद इसके बाद मूर्ति की सफाई और अन्य काम 30 सितंबर तक पूर्ण होंगे और एकात्म मूर्ति बनकर तैयार हो जाएगी।

Published on:
05 May 2023 11:55 am