खरगोन

भाजपा नेताओं से बहस के बाद बिगड़ी अकाउंटेंट की तबीयत, हार्ट अटैक से चली गई जान

MP News: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से बड़ा मामला सामने आया है। यहां पर भाजपा नेताओं के द्वारा अकाउंटेंट से बहस की गई थी। जिसके बाद अकाउंटेंट की अचानक तबियत बिगड़ गई और हार्ट अटैक से मौत हो गई।
2 min read
Jan 20, 2026
Feature image

MP News: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बिस्टान में संचालित जिला सहकारी केंद्रिय बैंक शाखा में पदस्थ सहायक लेखापाल 62 वर्षीय अनिसुद्दीन जिलानी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। बैंक मैनेजर सहित परिजन ने आरोप लगाया है कि ऋण स्वीकृति को लेकर ग्राहकों से हुई बहस से सदमा लगने के बाद जिलानी की तबीयत बिगड़ी और अटैक से उनकी जान चली गई। बहस करने वालों में कुछ लोग भाजपा के नेता है। जिला अस्पताल में जिलानी को मृत घोषित किए जाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

जिला अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार शहर के ऋषिका नगर निवासी जिलानी को दोपहर करीब 3.30 बजे जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद बैंक मैनेजर श्यामलाल सोलंकी ने बताया दोपहर करीब 2.30 बजे बैंक के तीन ग्राहक मुझसे मिलने आए थे।

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ घटनाक्रम

सोलंकी ने बताया वह एक माह से अवकाश पर थे, इस कारण ऋण स्वीकृति में देरी हुई थी, लेकिन वह जिलानी को जिम्मेदार ठहरा रहे थे। जबकि मैंने 16 जनवरी को ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद फाइल स्वीकृत कर दी है। ऋण स्वीकृति को लेकर उन्होंने जिलानी को मेरे चैंबर में बुलवाया और ऋण फाइल स्वीकृति में देरी होने पर माफी मंगवाई। यह घटनाक्रम बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुआ है। इसके कुछ देर बाद जिलानी को घबराहट हुई और वह बेहोश हो गए। तत्काल उन्हें चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन उनकी बिगड़ती हालत देख जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

6 महीने बाद होना थी सेवानिवृत्ति

जिलानी की बेटी खुशबू ने बताया पिता का स्वास्थ्य ठीक था। सुबह वह उन्हें बस स्टैंड पर छोडऩे के बाद बैंक गए थे। दोपहर करीब 2 बजे घर पर बात भी हुई थी, लेकिन बैंक में ग्राहकों के धमकाने का सदमा वे बर्दाश्त नहीं कर पाए। आगामी 6 माह बाद उनकी सेवानिवृत्ति होना थी। परिवार में दो बहनें है, पिता ही मुखिया थे। परिवार ने जिलानी को धमकाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

Updated on:
20 Jan 2026 03:34 pm
Published on:
20 Jan 2026 03:34 pm