- नहीं देने पर सब्यसाची ने नतीजा खराब होने की दी धमकी-व्यवसायी
कोलकाता
साल्टलेक के व्यवसायी मधुसूदन चक्रवर्ती ने मंगलवार को विधाननगर के मेयर सब्यसाची दत्त पर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और नहीं देने पर धमकाने का आरोप लगाया। दूसरी ओर मेयर सब्यसाची दत्त ने व्यवसायी के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया और इसे भाजपा की साजिश होने का दावा किया।
इस दिन प्रेस क्लब, कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन में मधुसूदन चक्रवर्ती ने दावा किया कि विधाननगर के मेयर ने फोन कर उनसे एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। उन्होंने कहा कि हर हाल में पैसा देना ही होगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से गुहार लगाने का भी
कोई लाभ नहीं होगा।
उक्त व्यवसायी ने इस दिन मीडिया के सामने सब्यसाची दत्त के मोबाईल नंबर से अपने मोबाईल पर फोन आने, फोन पर रंगादारी टैक्स मांगने और 2.30 लाख रुपए दिए जाने का ऑडियो और वीडियो फुटेज पेश किया। चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत स्पीड पोस्ट के जरिए विधाननगर उत्तर थाने में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मधुसुदन ने दावा किया कि सब्यसाची दत्त ने 20 जनवरी को अपने मोबाईल नंबर से उनके मोबाईल नंबर पर फोन कर एक करोड़ रुपए मांगे। तब उनकी तबियत खराब थी वे अस्पताल में भर्ती थे।
दिए 2.30 लाख तो त्रिपुरा चुनाव के लिए मांगे 50 लाख
चक्रवर्ती के मुताबिक अस्पताल से उनके घर आते ही सब्यसाची ने उन्हें दोबारा फोन कर अपने सहयोगी विद्युत गांगुली को 2.30 लाख रुपए देने को कहा और उन्होंने विद्युत गांगुली को उक्त रकम दे भी दी। सब्यसाची दत्त ने दो फरवरी को फिर अपने मोबाइल से फोन कर 2.30 लाख रुपए मिलने की पुष्टी की और त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए उनसे और 30 लाख रुपए मांगे। इसके बाद तीन फरवरी को सब्यसाची ने फोन कर उनसे कहा कि त्रिपुरा चुनाव में बहुत पैसे की जरूरत है। 30 लाख की जगह 50 लाख भेज दीजिए। लेकिन मधुसुदन चक्रवर्ती ने पांच फरवरी को इतनी बड़ी रकम देने में खुद को असमर्थ बताया। इस पर सब्यसाची दत्त ने उनसे कहा कि वे कोई बात नहीं सुनेंगे। हर हाल में पैसा देना ही होगा। ममता बनर्जी के पास जाने से भी कोई लाभ नहीं होगा। मधुसुदन चक्रवर्ती ने दावा किया कि उन्होंने सब्यसाची दत्त के बारे में तृणमूल कांग्रेस के तीन बड़े नेताओं से शिकायत की। लेकिन कोई काम नहीं आया। उल्टे उक्त तीनों तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने उनसे कहा कि वे सब्यसाची दत्त की बात मान लें, नहीं तो नतीजा बहुत बुरा होगा।
नहीं पहचानते चक्रवर्ती को
दूसरी ओर मेयर और तृणमूल कांग्रेस विधायक सब्यसाची ने अगरतला से फोन पर मधुसुदन चक्रवर्ती से पैसे मांगने के आरोप को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वे मधुसुदन चक्रवर्ती नाम के किसी भी व्यवसायी को पहचानते नहीं हैं और न ही उन्हें फोन कर पैसे मांगे हैं। उन्हें फंसाने की यह भाजपा की साजिश है।