तृणमूल समर्थित गुण्डों ने पुरुलिया में भाजपा के दो कार्यकर्ताओं की हत्या कर फंदे से लटका दिया है
रूपा गांगुली और मनोज तिवारी ने लिया हिस्सा
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोलकाता में राज्यपाल को दिया ज्ञापन
कोलकाता
पश्चिम बंगाल में विपक्षी दलों विशेष कर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले और उनकी हत्या के विरोध में भाजपा ने सोमवार को दिल्ली स्थित बंग भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्य सरकार और तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बंगाल से राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली, दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और रमेश बिधुरी ने हिस्सा लिया। रूपा गांगुली ने कहा कि बंगाल में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। तृणमूल कांग्रेस के लोग विरोधियों पर हमले कर रहे हैं। राज्य में लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। हाल ही में तृणमूल समर्थित गुण्डों ने पुरुलिया में भाजपा के दो कार्यकर्ताओं की हत्या कर फंदे से लटका दिया है। पुलिस तृणमूल कांग्रेस के गुण्डों के खिलाफ कार्रवाई करना तो दूर, उल्टे वह उनके अपराध पर पर्दा डाल कर उनका बचाव कर रही है। भाजपा ने दिल्ली में यह प्रदर्शन उस समय किया, जब नीति आयोग काउंसिल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए ममता बनर्जी दिल्ली में थी। इस दिन दोपहर को दिल्ली से कोलकाता के लिए रवाना हुई और शाम 4.45 बजे कोलकाता पहुंची। दूसरी ओर राज्य की मौजूदा बिगड़ी कानून-व्यवस्था के खिलाफ भाजपा के युवा मोर्चा ने कोलकाता में जुलूस निकाला कर विरोध प्रदर्शन किया और राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी को ज्ञापन सौपा।
शान्ति और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ रही है भाजपा
दिल्ली में ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन करने का तृणमूल कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया। पार्टी के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा कि भाजपा देश की शान्ति और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में कुछ भी नहीं कर पा रही है। दिल्ली में बंग भवन के सामने वे इस लिए प्रदर्शन किया, क्योंकि कि वहां ममता बनर्जी ठहरी थी। ममता बनर्जी तो कोलकाता में हमेशा रहती हैं, लेकिन यहां विरोध प्रदर्शन करने का साहस भाजपा में नहीं है।
दो जुलाई को राष्ट्रपति से मिलेगी भाजपा
बंगाल में कानून-व्यवस्था खराब होने के खिलाफ भाजपा ने जिलों में भी प्रदर्शन किया। उत्तर बंगाल के दौरे पर गए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रही है। हम प्रशासनिक स्तर पर इस समस्या का समाधान चाहते हैं। दो जुलाई को वे पंचायत चुनाव हिंसा पीडि़त पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के साथ मिलेंगे।