
प्रह्लाद दास
West Bengal encounter: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा इलाके में 17 साल की एक छात्रा की बेरहमी से पिटाई और हत्या का मुख्य आरोपी प्रह्लाद दास मंगलवार तड़के पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस के अनुसार, घटनाक्रम को समझने के लिए आरोपी को अपराध की जगह पर ले जाया गया था। जहां उसने एक पुलिस अधिकारी से उसकी सर्विस पिस्तौल छीन ली और गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ है।
शनिवार रात 17 वर्षीय छात्रा अपने परिवार के साथ गांव में हो रहे एक सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने गई थी। रात करीब 11:30 बजे उसके मोबाइल पर एक फोन कॉल आया। जिसके बाद वह कार्यक्रम स्थल से बाहर निकली और सड़क की ओर चली गई। उसकी चाची ने उसे अकेले जाते हुए देखा, तो उसे आवाज दी और तुरंत वापस लौटने को कहा। छात्रा ने जवाब दिया कि वह एक दोस्त के साथ है और कुछ ही देर में वापस आ जाएगी। लेकिन जब वो काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिवार वालों ने उसे खोजना शुरू किया, लेकिन पूरी रात उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
अगली सुबह रविवार को जब परिवार के सदस्य और ग्रामीण छात्रा को ढूंढ रहे थे, तब एक पड़ोसी के घर के पीछे बने शौचालय के पास संदिग्ध हालात में खून से लथपथ उसकी लाश मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्रा के साथ दरिंदगी की गई और फिर पहचान छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर बोंगांव पुलिस जिले की एक टीम मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों के शक के आधार पर पूछताछ के लिए एक दूर के रिश्तेदार प्रह्लाद दास को हिरासत में ले लिया।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी प्रह्लाद दास ने कबूल किया कि कुछ समय पहले घर की किसी बात को लेकर उसका पीड़िता की मां के साथ झगड़ा हुआ था। तब से ही प्रह्लाद बदला लेने की साजिश रच रहा था। शनिवार रात उसने छात्रा को फोन किया और अकेले मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। फिर उसने शव को एक शौचालय के पीछे फेंक दिया। शुरुआती जांच के बाद बोंगांव पुलिस जिले की एसपी बिदिशा कलिता दासगुप्ता ने पुष्टि की कि यह मामला बलात्कार और हत्या का है।
गिरफ्तारी के बाद मंगलवार तड़के पुलिस आरोपी प्रह्लाद दास को घटनास्थल पर ले गई, ताकि घटनाक्रम को फिर से समझा जा सके और सबूत जुटाए जा सकें। जांच पूरी करने के बाद जब पुलिस टीम अपनी गाड़ी की ओर लौट रही थी, तब प्रह्लाद ने एक अधिकारी से उसकी सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी से बचने के लिए एक अधिकारी पास की नहर में कूद गया, जबकि एक अन्य अधिकारी को गोली लग गई। इसके जवाब में, पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रह्लाद दास को गोली लग गई। उसे तुरंत बंगांव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Updated on:
27 Oct 2026, 10:38 AM IST
Published on:
27 Oct 2026, 10:07 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.