
बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान 7 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप, फोटो सोर्स- IANS
Girl Molestation Case: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में दुर्गा पूजा के दौरान सात साल की बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 52 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार को नवमी की रात शांतिपुर इलाके में हुई। पीड़ित बच्ची का परिवार दलाल पाड़ा लेन के आसपास रहता है। आरोप है कि आरोपी बच्ची को जानता है और उसके घर के पास ही पड़ोस के इलाके में रहता है।
बता दें कि पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बच्ची के परिवार ने आरोप लगाया कि व्यक्ति ने बच्ची को अनुचित तरीके से छुआ और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने बच्ची को पकड़ लिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर शांतिपुर पुलिस ने जांच शुरू की और बुधवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नदिया जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की। इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी का कहना है कि, परिवार की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई और संबंधित धाराओं के तहत पॉक्सो एक्ट, 2012 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया। वहीं, गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गुरुवार को रानाघाट की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की आगे की जांच के लिए उसकी हिरासत मांगी है।
वहीं, इस मामले को लेकर पुलिस अब कथित घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस की छानबीन के दौरान हर प्रकार के जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मामला जांच के अधीन है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।
Updated on:
22 Oct 2026, 3:37 PM IST
Published on:
22 Oct 2026, 3:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.