- कोलकाता नगर निगम डेंगू मरीजों को मुफ्त में मच्छरदानी देगा। निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हर वर्ष डेंगू पीडि़त व संदिग्ध मरीजों का हाल जानने उनके घर जाते हैं। इस वर्ष वे मच्छरदानी के साथ जाएंगे।
कोलकाता. महानगर कोलकाता में डेंगू के मच्छरों को मात देने कोलकाता नगर निगम ने कई कदम उठाए हैं। जागरूकता अभियान से लेकर दवा छिड़काव और विशेष निगरानी भी रखी जाती है। फिर भी बारिश के दौरान व उसके बाद शहर में डेंगू का आतंक बरकरार रहता है। ऐसे में कोलकाता नगर निगम ने पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी डेंगू से निपटने के लिए योजनाएं बनानी शुरू कर दी है।
मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए उपमेयर अतिन घोष ने बताया कि डेंगू फैलने से रोकने के लिए इस वर्ष से निगम डेंगू मरीजों को मुफ्त में मच्छरदानी देगा। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन की गाइडलाइन के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। निगम के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी हर वर्ष डेंगू पीडि़त व संदिग्ध मरीजों का हाल जानने उनके घर जाते हैं। इस वर्ष वे मच्छरदानी के साथ जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य डेंगू फैलने से रोकना है।
उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को मेयर फिरहाद हकीम की अध्यक्षता में डेंगू के खिलाफ विशाल जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कोलकाता नगर निगम मुख्यालय से निकलने वाली यह रैली कॉलेज स्क्वायर तक जाएगी। इसमें विभिन्न वार्डों के पार्षद, एमआईसी, स्थानीय लोगों के साथ ही स्कूली बच्ची भी रहेंगे। झांकी के जरिए जागरूकता संदेश दिया जाएगा।