- केंद्र सरकारी की ओर से सीएए और एनआरसी लागू करने के फैसले को लेकर पश्चिम बंगाल में चल रहे विवाद के बीच ममता बनर्जी की सरकार से सोशल नेटवर्किंग साईट पर इतनी बड़ी चूक हो गई है कि बवाल मच गया है। वाम से लेकर आम तक तृणमूल सरकार के इस चूक की निंदा कर रहे हैं। हालांकि सत्ता पक्ष का दावा है कि यह उनकी गलती नहीं बल्कि उनकी छवि खराब करने के लिए किसी की साजिश है।
- केएमसी साइट पर भारत के नक्शे से पीओके गायब
कोलकाता. गणतंत्र दिवस पर कोलकाता नगर निगम के फेसबुक पेज पर पाक अधिकृत कश्मीर और अकसाई चिन के बगैर डाले गये भारत के नक्शे को लेकर बवाल मचा हुआ है। मेयर फिरहाद हाकिम ने गहरी साजिश का आरोप लगाया है। वहीं प्रदेश भाजपा ने उनके इस्तीफे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान की मांग की है।
रविवार को कोलकाता नगर निगम के फेसबुक पेज पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर मेयर की तस्वीर व तिरंगे में लिपटे भारत के नक्शे के साथ बधाई संदेश पोस्ट किया गया। जिसमें भारत के मानचित्र में पीओके और अकसाई चिन का हिस्सा नहीं था। जल्द ही निगम का पोस्ट वायरल होने लगा और मामले ने तूल पकड़ लिया। विरोधी पार्टियों के साथ ही सोशल नेटवर्क पर आम नागरिकों ने निंदा की। विवाद बढऩे के बाद पोस्ट हटा दी गई।
- छवि खराब करने की कोशिश :
मेयर फिरहाद ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने गहरी साजिश होने का आरोप लगाया। उनके अनुसार कुछ लोगों ने केएमसी व टीएमसी की छवि खराब करने के इरादे से निगम के प्रोफाइल को हैक कर लिया है। विभागीय अधिकारियों को इससे जुड़े जांच के निर्देश दिए गए हैं। कोलकाता पुलिस की साइबर इकाई और न्यू मार्केट थाने में 26 जनवरी को निगम की ओर से शिकायत दर्ज कराई गयी है। साथ ही कोलकाता नगर निगम का आईटी सेल ने भी विभागीय जांच शुरू कर दी है।
- विपक्ष ने मांगा इस्तीफा :
भाजपा के प्रदेश महासचिव सायंतन बसु ने सोमवार को घटना की तीव्र निंदा करते हुए फिरहाद के मेयर पद से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाल रहे व तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम के विभाग से इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो सकती है? बसु ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हस्तक्षेप की मांग की है।
माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि फिरहाद राज्य के मंत्री, कोलकाता के मेयर और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। उनके विभाग से भारत का गलत नक्शा पोस्ट करना चिंताजनक है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।