कोलकाता

हसीना से ममता और मोदी की बैठक अलग-अलग

विश्वभारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में तीनों नेता साझा करेंगे मंच
2 min read
• •
Updated: 24 May 2018, 10:50 PM IST
kolkata west bengal
हसीना से ममता और मोदी की बैठक अलग-अलग

तिस्ता जल बंटवारे पर हो सकता है फैसला
रोहिंग्या घूसपैठ पर बात करेंगे दोनों देशों के प्रधानमंत्री

कोलकाता.

पश्चिम बंगाल के बीरभूम के शान्तिनिकेतन में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी , बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक मंच पर नजर आएंगे। तीनों नेता विश्वभारती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मंच साझा करेंगे और दोपहर का भोजन करेंगे। भोजन के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों की बैठक में ममता बनर्जी शामिल नहीं होंगी। ममता बनर्जी शनिवार को कोलकाता में हसीना के साथ बैठक करेंगी। बैठक में लंबे समय से लंबित तिस्ता जल बंटवारे सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

शेख हसीना शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बांग्लादेश एयरलाइंस के विशेष विमान से कोलकाता के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगी। वहां से वे हेलीकाप्टर से शान्तिनिकेतन स्थित विश्वभारती विश्वविद्यालय जाएंगी। वहां पर नरेन्द्र मोदी, ममता बनर्जी और वाइस चांसलर प्रोफेसर सबुज कोली सेन उनका स्वागत करेंगे। दीक्षांत समारोह में मोदी और हसीना के साथ ममता बनर्जी मंच साझा करेंगी। ममता बंगाल की दूसरी मुख्यमंत्री होंगी, जो उक्त केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। इससे पहले सिद्धार्थ शंकर राय ने समारोह में हिस्सा लिया था।दीक्षांत समारोह के बाद ममता बनर्जी, नरेन्द्र मोदी और शेख हसीना नव निर्मित बांग्लादेश भवन का उद्घाटन करेंगे और साथ में दोपहर का भोजन भी करेंगे। लेकिन भोजन के बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्री की विशेष बैठक में ममता बनर्जी शामिल नहीं होंगी। प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार ममता बनर्जी विश्व भारती विश्व विद्धयालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने और हसीना से तीस्ता जल बंटवारे के मुद्दे पर बातचीत के लिए राजी हो गई हैं। लेकिन वे शान्तिनिकेतन में मोदी-हसीना की होने वाली बैठक में शामिल नहीं होंगी। हसीना से उनकी अलग बैठक होगी। पीएमओ के सूत्रों के अनुसार हसीना और मोदी की बैठक में तिस्ता जल बटवारा के अलावा दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग और रोहिंग्या घूसपैठ से पैदा हुई समस्या पर भी बातचीत होगी। बाद में हसीना और ममता बनर्जी तीस्ता जल बटवारे के मुद्दे पर अलग से बातचीत करेंगी। उधर गुरुवार शाम बोलपुर पहुंचते ही ममता बनर्जी ने बताया कि वे शान्ति निकेतन में हसीना से उनकी बैठक नहीं करेंगी। वे शनिवार को कोलकाता में एक घंटा बैठक करेगी। बैठक में बांग्लादेश से बंगाल के यातायात और सांस्कृतिक संबंध बढाने के बारे में बातचीत होगी। बैठक के दौरान दोनों के बीच तिस्ता जल बटवारा पर बैठक होने की उम्मीद है। उधर मोदी-हसीना की बैठक का समय 50 मिनट से बढ़ा कर एक घंटा कर दिया गया है।

Published on: