कोलकाता

WEST BENGAL: अफगानिस्तान के युवकों ने खेला दोस्ताना क्रिकेट मैच

अफगानिस्तान के लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बहाली था उद्देश्य
less than 1 minute read
• •
Updated: 5 Sep 2021, 11:49 PM IST
WEST BENGAL: अफगानिस्तान के युवकों ने खेला दोस्ताना क्रिकेट मैच
WEST BENGAL: अफगानिस्तान के युवकों ने खेला दोस्ताना क्रिकेट मैच

कोलकाता.
कोलकाता के एक क्लब के सदस्यों ने रविवार को अफगानिस्तानी युवकों के साथ दोस्ताना क्रिकेट मैच खेला। कोलकाता में रहने वाले अफगानिस्तान के लोगों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बहाली के उद्देश्य से कोलकाता के तरुण संघ क्लब की ओर से ढाकुरिया इलाके में इस क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। क्लब के पदाधिकारी-सदस्य व कोलकाता में रहने वाले अफगान के युवकों (काबुलीवालों) के बीच यह क्रिकेट मैच खेला गया।
क्रिकेट मैच शुरू होने से पहले दोनों देशों का राष्ट्रगान बजाया गाया। दोनों देशों के झंडे फहराए गए। कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश दिया गया। रक्षाबंधन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। क्लब के सदस्य अफगान के युवकों को राखी बांधें। क्रिकेट मैच के दौरान ऑल इंडिया पख्तून जिरगा-ए-हिंद की अध्यक्ष यासमीन निगार खान विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहीं।
तरुण संघ क्लब के सचिव श्रीकुमार घोष ने कहा कि भारत-अफगानिस्तान के बीच बेहद पुराने व मजबूत रिश्ता रहा है। उस रिश्ते को और मजबूत करने के लिए इस क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। क्रिकेट दो देशों के बीच संबंध मजबूत करने का एक सशक्त व प्रभावी माध्यम है। अफगानिस्तान इस समय बुरे दौर से गुजर रहा है। हमें उम्मीद है कि वहां हालात ठीक हो जाएंगे। क्लब के सदस्यों ने काबुलीवालों को भरोसा दिलाया कि उन्हें कोलकाता में डरने की जरूरत नहीं है। वे यहां पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी की सरकार ने पुलिस को बंगाल में रहने वाले अफगान के लोगों को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि कोलकाता में अच्छी खासी संख्या में अफगानिस्तान के लोग रहते हैं। वे यहां ड्राई फ्रूट, हींग और कालीन बेचने का काम करते हैं। कुछ ब्याज पर पैसे देने धंधे से भी जुड़े हैं।

Updated on:
5 Sep 2021, 11:49 PM IST
Published on: