
बड़ी खबर : खुद को CBI Officer बताकर मांगता था लाखों रुपए, पहली किश्त लेते पुलिस ने रंगे हाथों धर दबोचा
कोण्डागांव. जिले के एक पंचायत सचिव को सीबीआई अफसर बनकर डराने धमकाने वाले युवक को सचिव की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने धर दबोच लिया है। कोतवाली प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि मर्दापाल इलाके के कुदूर पंचायत सचिव लक्ष्मीनाथ पोयाम पिता स्व. रामनाथ ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई की उसे एक युवक सीबीआई अधिकारी बनकर जांच चलने की बात कहते उससे पैसे की मॉग कर रहा हैं।
कॉल डिटेल से शुरू की खोजबीन
सूचना पर कोतवाली पुलिस सर्तक हो गई और प्रार्थी लक्ष्मी पोयाम को बार-बार किए गए कॉल डिलेट निकालकर उसकी खोजबीन शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी व एएसपी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित की गई।
पहली किश्त लेते समय पकड़ाया फर्जी अफसर
कोतवाली ने बताया कि पुलिस की कार्यवाही में लक्ष्मी ने इस फर्जी सीबीआई अफसर को डिमांड किए गए राशि की पहली किश्त के रूप में रकम देेने उसे बुलवाया। इस पर कथित सीबीआई अधिकारी ने उसे जोधरापदर एनीकट के पास पैसे लेकर आने को कहा। इस दौरान पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और लोगों को फर्जी सीबीआई अफसर बनकर डराते हुए उगाही करने वाले सरगीपाल निवासी विजय यादव पिता स्व. परसूराम यादव का रंगे हाथो गिरफ्तार कर लिया।
लालच में घटना को अंजाम देने की बात स्वीकारा
आरोपी विजय यादव ने लालच में आकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की हैं। आरोपी पर धारा 170, 385 के अंतर्गत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया हैं। इस कार्यवाही में कृष्णा साहू, भूषण चंद्राकर, रितुराज, नरेद्र नेताम, जयमन मंडावी शामिल रहे।