कलेक्टर पी. दयानंद ने विकासखंड पोड़ीउपरोड़ा के ग्राम पाली में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा बच्चों, महिलाओं, युवतियो, वृद्धों सहित सभी वर्ग के लोगों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। ग्रामीणों को भी चाहिए कि वे जागरूक बने और शासन की सभी योजनाओं का लाभ उठाकर विकास की दिशा में आगे बढ़ें।
कलेक्टर ने सूखे से प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों को चिंतित नहीं होने की अपील की। शिविर में उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रोजगार गारंटी योजना अन्तर्गत कार्य स्वीकृत किए गए हैं। किसी को गांव से रोजगार के लिए पलायन करने की जरूरत नहीं है। सूखा प्रभावित किसानों का मुआवजा प्रकरण तैयार कर लिया गया है। जो किसान किसी कारणवश छूट गए थे उनका नाम जोड़ दिया गया है। लगभग दो करोड़ रुपये अतिरिक्त मुआवजा राशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने किसानों को किसी प्रकार की मुआवजा संबंधी समस्या होने पर एसडीएम या सीधे उनसे मिलने कहा है। शिविर में 276 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से 218 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।
शहर मुख्यालय से लगभग 110 किलोमीटर दूर विकासखंड पोड़ीउपरोड़ा के ग्राम पाली में आयोजित शिविर में कलेक्टर पी दयानंद ने कहा कि ग्रामीणों को व्यक्तिमूलक योजनाओं के साथ ही गांव में स्कूल, आंगनबाड़ी, पेयजल के लिए हैंडपंप, नल, सड़क, अस्पताल आदि के लिए शासन ध्यान दे रही है। कलेक्टर ने वर्तमान में शिक्षा का महत्व को बताते हुए ग्रामीणों को अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि कुपोषण से बच्चों का शारीरिक विकास अवरूद्ध होने के साथ-साथ मानसिक विकास भी प्रभावित होता है। ग्रामीणों को चाहिए कि अपने घर के आसपास संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों को भेजें।
कलेक्टर ने बेरोजगार युवक-युवतियों को मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन योजना के विषय में बताते हुए कहा कि कौशल उन्नयन कार्यक्रम में आपके पसंद के अनुरूप ट्रेड संचालित है। इस योजना से 45 साल तक के बेरोजगार नि:शुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ स्वरोजगार हेतु स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित युवक-युवतियों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से ऋण प्रदान करने में प्राथमिकता भी दी जाती है। शिविर में जिला पंचायत सीईओ विलास संदीपान भोस्कर, एसडीएम विजेंद्र पाटले,उपाध्यक्ष सर्वजीत सिंह,जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत सदस्य सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
हायर सेकेंडरी स्कूल का प्रस्ताव
कलेक्टर पी. दयानंद ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को 01 अप्रैल से नये शिक्षा सत्र में बच्चों को शाला भेजने की अपील करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में हायर सेकेण्डरी स्कूल की कमी को दूर करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। दूरी की वजह से गांव का कोई छात्र-छात्रा स्कूल न त्यागें।