कोरबा

Korba News: जान जोखिम में डालकर नाला पार कर रहे थे 3 युवक, तेज बहाव में बही स्कॉर्पियो, देखें LIVE VIDEO

Korba Scorpio Viral Video: उफनते दादर नाले को पार करने की कोशिश कर रहे तीन युवकों से भरी स्कॉर्पियो तेज बहाव में बह गई। घटना का LIVE VIDEO अब सामने आया है।
2 min read
Aug 29, 2026
Chhattisgarh News
तेज बहाव में बही स्कॉर्पियो (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Scorpio Accident Video: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। तेज बारिश के बाद उफान पर आए दादर नाले को पार करने की कोशिश करना तीन युवकों के लिए भारी पड़ गया। नाले के तेज बहाव के बीच उनकी स्कॉर्पियो पानी में बह गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो तेज बहाव के बीच बहती और तैरती नजर आ रही है।

स्थानीय लोगों ने किया था रोकने का प्रयास

जानकारी के अनुसार, कोरबा शहर का दादर नाला इन दिनों तेज बारिश के चलते उफान पर है। नाले में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण यहां से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। इसी दौरान तीन युवक स्कॉर्पियो (Korba News) में सवार होकर नाला पार करने पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने युवकों को नाला पार करने से रोकने की कोशिश की। लोगों ने तेज बहाव को देखते हुए उन्हें आगे नहीं जाने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद युवक वाहन लेकर नाला पार करने लगे।

तेज बहाव में खोया स्कॉर्पियो का संतुलन

जैसे ही स्कॉर्पियो नाले के तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, पानी के दबाव के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते स्कॉर्पियो पानी के बहाव के साथ बहने लगी। अचानक वाहन के बहने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्कॉर्पियो के पानी में बहने के दौरान तीनों युवक वाहन के ऊपर ही नजर आए। नाले के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और सभी की नजरें युवकों को सुरक्षित निकालने पर टिकी रहीं।

करीब आधे घंटे तक पानी में बहती रही स्कॉर्पियो

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो करीब आधे घंटे तक पानी के तेज बहाव के बीच बहती और तैरती रही। इस दौरान वाहन सवार तीनों युवक गाड़ी पर ही मौजूद रहे। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को देखते हुए तत्परता दिखाई और तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवकों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हादसे में किसी युवक के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

सामने आया घटना का LIVE VIDEO

इस घटना का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज बहाव के बीच स्कॉर्पियो पानी में बह रही है और आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर तेज बहाव वाले नालों और नदी-नालों को पार करने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बारिश के मौसम में नाले और छोटे पुल-पुलियाओं में पानी का स्तर बढ़ने के साथ बहाव भी काफी तेज हो जाता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दादर नाले में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद युवकों द्वारा वाहन से इसे पार करने की कोशिश की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

फिलहाल तीनों युवकों के सुरक्षित बचने से बड़ी घटना टल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग भी इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और बारिश के दौरान ऐसे जोखिम भरे कदम नहीं उठाने की अपील कर रहे हैं।

Updated on:
29 Aug 2026 07:19 pm
Published on:
29 Aug 2026 07:19 pm