कोटा

नहर में डूबने से दस वर्षीय बालिका की मौत, राखी के एक दिन पहले हादसा

तालेड़ा थाना क्षेत्र के कैथूदा और जाल की झोपड़ियां के बीच शुक्रवार को नहर में नहाते समय 10 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत हो गई। हादसा राखी के एक दिन पहले हुआ, जिससे परिवार में मातम छा गया।
less than 1 minute read
Aug 29, 2026
Rajasthan

तालेड़ा.तालेड़ा थाना क्षेत्र के कैथूदा और जाल की झोपड़ियां के बीच शुक्रवार को नहर में नहाते समय 10 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत हो गई। हादसा राखी के एक दिन पहले हुआ, जिससे परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार जाल की झोपड़ियां बंजारा बस्ती निवासी 10 वर्षीय कुंज उर्फ गुंजन पुत्री रामलाल अपने चचेरे भाई 5 वर्षीय दिलीप पुत्र श्रीराम के साथ काला बोर्ड के पास नहर में नहाने गई थी। दोनों बच्चे रस्सी के सहारे पानी में उतरे थे। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई और दोनों तेज बहाव में बहने लगे।
बच्चों की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दिलीप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि गुंजन गहरे पानी में डूब गई। सूचना पर सिविल डिफेंस रेस्क्यू टीम कैथूदा के युधिष्ठिर मीणा, विशाल गुर्जर, बलराम सैनी, लव शर्मा, सोनू सुमन, विमल कुशवाह, महावीर कुशवाह व मनोज कुशवाह मौके पर पहुंचे। करीब 15 मिनट की तलाश के बाद बालिका को पानी से बाहर निकाला गया।
परिजन उसे तत्काल तालेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बालिका मूल रूप से मध्यप्रदेश की रहने वाली थी और रक्षाबंधन मनाने एक दिन पहले अपने दादाजी के साथ यहां आई थी। सूचना पर एसआई पवन शर्मा मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

Updated on:
01 Sept 2026 01:34 pm
Published on:
29 Aug 2026 06:02 am