कोटा

कांस्टेबल भर्ती परीक्षा और 8 घंटे की जद्दोजहद …देखिए अद्भुत नज़ारे

गणित-विज्ञान ने उलझाया, सामान्य ज्ञान-इतिहास रही आसान
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2018, 6:15 PM IST
constable exam
कांस्टेबल भर्ती परीक्षा और 8 घंटे की जद्दोजहद ...देखिए अद्भुत नज़ारे

कोटा. पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शनिवार को कोटा शहर के 24 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। परीक्षा रविवार को भी होगी। शनिवार को सुबह 10 बजे शुरू हुई प्रथम पारी में 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग्य आजमाया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला रात भर जारी रहा। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की रैलमपेल रही। परीक्षार्थियों ने रात भी बस स्टेंड, रेलवे स्टेशनों पर ही गुजारी। सुबह जल्दी उठकर परीक्षा केंद्र पहुंचे। तो शहर में चलने वाले ऑटो, टेम्पो, मिनी बस, सिटी बसें भी परीक्षार्थियों से ठसाठस रही। सुबह 9.30 बजे से पहले परीक्षार्थी अपने परिजनों के साथ केंद्रों के बाहर आ खड़े हुए। जहां पर दस बजे परीक्षार्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच कर केंद्र में प्रवेश दिया गया। सुबह दस बजे परीक्षा शुरू हुई, जो 12 बजे तक चली। कोटा में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की प्रथम पारी शांतिपूर्ण पूरी हुई। परीक्षार्थियों ने बताया कि ओवरऑल पेपर सामान्य रहे। गणित के प्रश्न थोड़े कठिन रहे। वहीं राजस्थान के इतिहास, परम्परा सम्बंधी प्रश्नों ने उलझाए रखा। सामान्य ज्ञान सम्बंधी कई प्रश्न आसानी से हल हो गए।

सीसीटीवी से निगाह, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

परीक्षा केंद्र के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरे से पूरी चौकसी रखी गई। वहीं परीक्षा केंद्र के गेट पर, मुख्य सड़के बाहर भी पुलिस जवान तैनात रहे। जिन्होंने परिजनों को परीक्षा केंद्र से करीब 100 मीटर दूर रखा। परीक्षा केंद्र सामने, आसपास किसी भी व्यक्ति को मोबाइल से वीडियो, फोटो तक नहीं लेने दिए। शहर में बनाए गए 24 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पारी में 700 से अधिक पुलिसकर्मी, अधिकारी कर्मचारी तैनात रहे।

साल भर से इस परीक्षा की तैयारी कर रहा हूं। पहले परीक्षा रद्द हो गई थी। अब दुबारा हुई है। इस बार कुछ नहीं होना चाहिए। पेपर की बात करें तो ठीक रहा। गणित-विज्ञान के प्रश्न थोड़़े कठिन थे। वहीं सामान्य ज्ञान के कई प्रश्न सरल थे।

नानूराम, परीक्षार्थी, जयपुर

पेपर का ए पार्ट सरल रहा। बी पार्ट थोड़ा कठिन रहा। राजस्थान के सामान्य ज्ञान के कई प्रश्न हल नहीं हो पाए। गणित के प्रश्न थोड़े ज्यादा ही कठिन आए। 120 प्रश्नों के पेपर में करीब 30 प्रश्न तो एेसे थे। जिन्हें बिना पढ़े भी हल किया जा सकता है। 90 प्रश्न लगातार तैयारी पर निर्भर थे। जिनकी लम्बे समय की परीक्षा तैयारी थी। वे उन प्रश्नों का हल कर पाए।

अलका चौधरी, परीक्षार्थी, जयपुर

Published on: