
कोटा. फर्जी आंगनबाड़ी अधिकारी बनकर ठगी करने के मामले में अनंतपुरा थाने में गिरफ्तार आरोपी जयपुर निवासी राकेश जैन के खिलाफ जयपुर के ही कई थानों में 23 मामले दर्ज हैं। इनमें से 20 मामले धोखाधड़ी के हैं। एक मामले में तो उसे सजा भी हो चुकी है। पुलिस को अन्य जिलों से भी उसके ठगी करने की जानकारियां मिल रही हैं। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे 15 जून तक रिमांड पर लिया है।
अनंतपुरा पुलिस ने रविवार को जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र स्थित सहदेव नगर निवासी राकेश जैन को गिरफ्तार किया था। वह अनिल जैन के नाम से ठगी कर फर्जी चेक देकर अब तक लाखों रुपए की धोखाधड़ी कर चुका है। सीआई अमरसिंह राठौड़ ने बताया कि सोमवार को जयपुर से उसके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी चाही गई तो पता चला कि जयपुर के कई थानों में उसके खिलाफ 23 मामले दर्ज हैं। इनमें से 20 धोखाधड़ी, 2 जुए-सट्टे और 1 दहेज प्रताड़ना का है। कोतवाली जयपुर में 1991 में दर्ज जुए-सट्टे के एक मामले में तो उसे 2001 में सजा हो चुकी है। दो मामलों में बरी भी हो चुका है। जयपुर के कोतवाली, महिला, बनीपार्क, मोती डूंगरी, गलता गेट, माणक चौक, संजय सर्किल, नाहरगढ़, शिप्रापथ, सोडाला, सांगानेर व मुरलीपुरा और एक मामला कोतवाली भीलवाड़ा में दर्ज है।
जगह बदल-बदल कर करता है ठगी
सीआई ने बताया कि आरोपी काफी शातिर है। पकड़े जाने से बचने के लिए वह हर बार जगह बदलकर ठगी करता। कोटा में भी पिछले 7-8 महीने से वह यही काम कर रहा था। उसने भीलवाड़ा, टोंक समेत अन्य जिलों से भी ऐसे ही ठगी की है। वहां की पुलिस से सम्पर्क किया जा रहा है।