Rajasthan Fire Case: कोटा के टिंबर मार्केट इलाके में मंगलवार देर रात एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तीसरी मंजिल पर रखा प्लाई व लकड़ी का सामान जलकर राख हो गया।
Fire In 3-Story Building: कोटा शहर के टिंबर मार्केट इलाके में मंगलवार देर रात एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मकान की तीसरी मंजिल पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई। घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी जिसके बाद वहां रखा प्लाई और लकड़ी का सामान जलने लगा। लकड़ी और ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निगम के विभिन्न अग्निशमन केंद्रों से चार दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। साथ ही करीब एक दर्जन फायर फाइटर भी घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
नगर निगम के फायर उपायुक्त एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि आग राजेंद्र इंजीनियरिंग वर्क्स की तीन मंजिला इमारत की तीसरी मंजिल पर लगी थी। वहां प्लाई, लकड़ी और अन्य सामान बड़ी मात्रा में रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। फायर कर्मियों ने दूर से तेज प्रेशर के साथ पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि करीब एक घंटे तक उस पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका।
दमकल कर्मियों ने लगातार मशक्कत करते हुए देर रात करीब 1 बजे तक आग बुझाने का कार्य जारी रखा। इस दौरान आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया और लोगों को मकान से दूर रहने की सलाह दी।
आग लगने की इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया था। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वहीं शॉर्ट सर्किट को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है।