19 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जानिए कौन है राजस्थान के मानव सुथार, जिन्हें भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम मिली जगह

Rajasthan Cricketer Manav Suthar: श्रीगंगानगर जिले बालाजी मंदिर के पास स्थित गंगा कॉलोनी में रहने वाले 23 वर्षीय मानव सुथार का चयन भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम में हुआ है। मंगलवार शाम करीब चार बजे जैसे ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम की घोषणा की, मानव के पिता जगदीश सुथार खुशी से झूम उठे।

2 min read
Google source verification
rajasthan cricketer manav suthar

मानव सुथार के घर के आगे खुशी का इजहार करने पहुंचे क्रिकेट एकेडमी के ​खिलाड़ी और अन्य। फोटो पत्रिका

Rajasthan Cricketer Manav Suthar : श्रीगंगानगर। बालाजी मंदिर के पास स्थित गंगा कॉलोनी की बंद गली में मंगलवार शाम करीब सवा पांच बजे अचानक ढोल की थाप गूंज उठी। गली के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और जानने की कोशिश करने लगे कि आखिर खुशी की वजह क्या है। दरअसल, इसी कॉलोनी के एक डबल स्टोरी मकान में रहने वाले 23 वर्षीय मानव सुथार का चयन भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम में हुआ है।

मंगलवार शाम करीब चार बजे जैसे ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम की घोषणा की, मानव के पिता जगदीश सुथार खुशी से झूम उठे। कुछ ही मिनट बाद मानव का फोन भी अपने पिता के पास आ गया। बेटे की उपलब्धि की खबर सुनकर मां सुशीला की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

वह बार-बार हाथ जोड़कर भगवान का धन्यवाद करती नजर आईं। वहीं पिता जगदीश सुथार बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे थे। मानव की छोटी बहन तमन्ना भी सुबह से ही भाई के चयन के लिए प्रार्थना कर रही थी। जैसे ही चयन की खबर मिली पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिवार ने मिठाई बांटकर और ढोल बजवाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

कोच धीरज शर्मा भी क्रिकेट एकेडमी के खिलाडि़यों के साथ पहुंचे और खूब रंग-गुलाल खेला। एकेडमी अध्यक्ष रहे विनोद सहारण का कहना था कि मानव ने अपने बूते पर यह कारनामा कर दिखाया। मानव फिलहाल आइपीएल गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे हैं। मानव पहले भारतीय ए टीम में अपना जौहर दिखा चुके है।

हमने प्रयास किए और बेटे ने परिणाम दिया

मानव के पिता जगदीश सुथार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हर माता-पिता की इच्छा होती है कि उनकी संतान अपने परिवार के साथ-साथ इलाके का नाम रोशन करे। मानव ने यह कर दिखाया है। मानव ने 11वीं तक की पढ़ाई अरोड़वंश स्कूल से की। इसके बाद एसडी बिहाणी स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट अभ्यास भी लगातार जारी रखा। बीए की पढ़ाई के दौरान भी मानव ने अपने खेल पर पूरा ध्यान दिया।

यूं हुई मानव की शुरुआत

मानव सुथार ने वर्ष 2014 में क्रिकेट के गुर सीखने की शुरुआत की। दाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर और बल्लेबाज मानव ने अंडर-16 क्रिकेट मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी आधार उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम तक का सफर तय किया।

पिछले चार साल से मानव राजस्थान की ओर से रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। इस बीच वह भारतीय सीनियर ‘ए’ टीम में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। दलीप ट्रॉफी में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने क्रिकेट चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

मानव के कोच धीरज शर्मा के अनुसार, करीब तीन साल पहले ही इस ऑलराउंडर की असली प्रतिभा स्पष्ट नजर आने लगी थी। उन्होंने बताया कि मानव की तकनीक को देख कुछ कमियों पर काम किया गया। लगातार मेहनत का ही नतीजा है कि मानव आज भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम का हिस्सा है।

बड़ी खबरें

View All

श्री गंगानगर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग