
झालावाड़. हिन्दी फिल्मों के पार्श्व गायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को संगीत मंच परिवार की ओर से अनंग कुमार जैन स्मृति भवन में 'एक शाम रफी साहब के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मधुर स्वर लहरियों से सजी संगीतमयी शाम में जिले के कलाकारों ने मोहम्मद रफी के सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम देर रात तक चला।
कार्यक्रम का शुभारंभ नन्ही बालिका लावण्या ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर तथा रफी साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद डॉ. हेमंत शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा और सचिव प्रभात सक्सेना ने बताया कि जिले के प्रतिभाशाली कलाकारों ने रफी साहब के रोमांटिक, देशभक्ति और विरह रस से जुड़े अमर गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संध्या में बलदेव राज भाटिया, कमल चौरसिया, सावित्री विजयवर्गीय, महीपेंद्र सिंह, प्रभात सक्सेना, करण शर्मा, लक्की हाड़ा, दुर्गाशंकर, विवेक सक्सेना, हर्षिता औदिच्या, डॉ. राजेश शर्मा, अजय रावल, सौरभ सोनी सहित कई कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए। लावण्या ने एक साथ वायलिन बजाते हुए 'कर चले हम फिदा' गीत गाकर खूब तालियां बटोरी।
आकाशवाणी झालावाड़ के उद्घोषक कमल शर्मा ने रफी साहब के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद, लायंस क्लब, झालावाड़ हेरिटेज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं संगीत प्रेमी मौजूद रहे। मंच का संचालन प्रवीण भाटिया और करण शर्मा ने किया।