
कोटा.
समीपवर्ती चित्तौड़ जिले के रावतभाटा में कोटा से एसी व फ्रिज ठीक करने गए एक निजी कंपनी का कार्मिक यहां सेंटाप ब्रिज साइट पुलिया के नजदीक गुरुवार को पैर फिसलने से चम्बल नदी में डूब गया। देर रात तक उसका पता नहीं चल पाया। थानाप्रभारी श्रीकृष्ण गढ़वाल ने बताया कि कोटा जिले के जगपुरा गांव निवासी भरत सिंह (27) पुत्र राधेश्याम सिंह चार दोस्तों के साथ रावतभाटा आया था। शाम छह बजे ब्रिज साइट पुलिया के पास चम्बल नदी में नहाते समय पैर फि सलने से वह पानी में डूब गया। सूचना पर मौके पर पुलिस व गोताखोर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू की। लेकिन कुछ देर बाद अंधेरा होने की वजह से अभियान बीच में रोकना पड़ा। अब शुक्रवार सुबह फिर पुलिस तलाशी अभियान शुरू करेगी।
काम के बाद घूमने निकला
जानकारी के अनुसार भरत एसी ठीक करने सुबह सहायक संजय वैष्णव के साथ बाइक से रावतभाटा आया था। जबकि उसकी कम्पनी में कार्यरत उसके अन्य तीन दोस्त महेन्द्र सिंह, विनोद तथा विजेन्द्र वर्मा कोटा से वेन से आए थे। सभी ने रावतभाटा में आरपीएस, विक्रमनगर, अणुकिरण कॉलोनी में अलग-अलग जगह एसी व फ्रिज ठीक किए। शाम पांच बजे काम निपटाने के बाद चारों ब्रिज साइट चम्बल नदी पहुंचे। वहां नहाने के दौरान पैर फिसलने से भरत डूब गया।
दोस्तों ने किया था मना
दोस्तों के अनुसार भरत तैरना नहीं जानता था। इस कारण उन्होंने उसे नदी में नहाने को मना किया था, लेकिन वह नहीं माना। महेन्द्र व विनोद ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन भरत ने बचने के लिए दोनों की गर्दन पकड़ ली। दोनों दोस्तों ने स्वयं को जैसे-तैसे छुड़ाया और बाहर आकर मदद के लिए चिल्लाए। इस बीच ब्रिज पार कर रहे कुछ लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक वह ओझल हो चुका था।