
कोटा . हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग को लेकर सोमवार को वकीलों ने एक दिन की सांकेतिक हड़ताल कर काम बंद किया। वकीलों ने अदालत परिसर से कलक्ट्री, रजिस्ट्रार कार्यालय होते हुए सर्किट हाउस तक रैली निकाली। सर्किट हाउस में घुसकर कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी का घेराव किया। साथ ही चेतावनी देकर चेताया की सरकार ने मांगें नहीं मानी तो सीएम व जनप्रतिनिधियों को हाड़ौती में पैर रखने तक नहीं देंगे।
वकीलों ने मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों द्वारा उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच का समर्थन करने और कोटा को नजरअंदाज करने पर गहरी नाराजगी जताई। इस पर मंत्री ने वकीलों की मांग से सीएम को अवगत कराने का भरोसा दिलाया।
कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
अभिभाषक परिषद के सदस्य रैली के रूप में कोर्ट से होते हुए कलक्ट्री पहुंचे। वहां धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हाईकोर्ट बेंच के लिए गठित कमेटी की प्रतियां प्रतियां जलाई। इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे। जहां काम कर रहे कर्मचारियों से काम बंद करने को कहा। इस दौरान आक्रोशित वकीलों ने काम बंद नहीं करने पर कार्यालय में आग लगा देने की धमकी दी।