
कोटा. नए कोटा शहर में भी अनंत चतुर्दशी महोत्सव की धूम रहेगी। महावीर नगर तृतीय व बसंत विहार क्षेत्र स्थित तीन बत्ती सर्किल से भी शोभायात्राओं के साथ गणपति बप्पा की विदाई की जाएगी। दोनों क्षेत्रों में निकाली जाने वाली शोभायात्राओं में करीब 120 झांकियां, 18 अखाड़े, एक दर्जन के करीब भजन मंडलियां शामिल रहेंगी। इनका 65 से अधिक स्थानों पर स्वागत किया जाएगा।
इस तरह बरसेगा उल्लास
अनंत चतुर्दशी महोत्सव आयोजन समिति नवीन कोटा के तत्वावधान में महावीर नगर तृतीय चौराहे से शाम को 5.30 बजे आरती के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। कोटा बूंदी लोकसभा क्षेत्र के सांसद ओम बिरला, विधायक संदीप शर्मा, उप महापौर सुनीता व्यास पूजा अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना करेंगे। संस्थापक अध्यक्ष विपिन जोशी के अनुसार इसमें 40 झांकियां, 14 अखाड़े, 8 भजन मंडलियां व 3 लोक कलाकारों के दल शामिल रहेंगे। शोभायात्रा महावीर नगर तृतीय से प्रारंभ होकर डिस्पेंसरी रोड, महावीर नगर द्वितीय, सेन्ट्रल पब्लिक स्कूल रोड, परशुराम सर्किल, केशवपुरा, टीचर्स कॉलोनी, महावीर नगर तृतीय चौराहा, रंगबाड़ी रोड होते हुए रंगबाड़ी बालाजी मंदिर परिसर में सम्पन्न होगी। जहां प्रतिकात्मक रूप से गणपति को विसर्जित किया जाएगा, बाद में सभी प्रतिमाओं को भीतरिया कुंड में विसर्जित किया जाएगा। शोभायात्रा का मार्ग में 51 स्थानों पर स्वागत किया जाएगा।
वर्ष दर वर्ष बढ़ रही यात्रा की शोभा
तीनबत्ती नवयुवक मंडल की ओर से बसंत विहार स्थित तीन बत्ती सर्किल से शोभायात्रा निकाली जाएगी। विमलेश गुप्ता के अनुसार शोभायात्रा शाम 6.30 बजे पूजा अर्चना के बाद रवाना होगी। भाजपा नेता हीरेन्द्र शर्मा, पार्षद राखी गौतम, अनुसुईया गोस्वामी, भगत गोस्वामी समेत मंडल के अन्य पदाधिकारी शोभायात्रा को रवाना करेंगे। शोभायात्रा बंसत विहार, गणेश तालाब, दादाबाड़ी छोटा चौराहा, अमर निवास होते हुए भीतरिया कुंड पहुंचेगी। शोभायात्रा में 80 झाकियां, 4 अखाड़े व चार बैंड शामिल होंगे। मार्ग में डेढ़ दर्जन से अधिक स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। पोहे, आलूबड़े, फ्रूट क्रीम समेत अन्य वस्तुंए प्रसाद के रूप में वितरित की जाएंगी। भगत गोस्वामी के अनुसार क्षेत्र में 1992 से गणश स्थापना कर शोभायात्रा निकाली जा रही है। वर्ष दर वर्ष इसमें झांकी व अखाड़ों की संख्या बढ़ती जा रही है।