कोटा

भतीजी की शादी के लिए लड़का देखने गए चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Baran News, Accident News: बारां जिले के मांगरोल रोड पर देर रात भतीजी की शादी के लिए लड़का देखने गए चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
2 min read
• •
Jun 26, 2019
Uncle and nephew's death in Bike Accident
भतीजी की शादी के लिए लड़का देखने गए चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

बारां. सदर थाना क्षेत्र के मांगरोल रोड पर सोमवार रात दो मोटरसाइकिलों की भिड़न्त में चाचा व भतीजे की मौत हो गई तथा एक मृतक की पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए। मृतक मांगरोल कस्बे के रहने वाले थे, जो शादी के लिए बारां से लड़का देखकर वापस घर लौट रहे थे।

सदर थाने के एएसआई रफीक मोहम्मद ने बताया कि रात को सूचना मिली थी कि मांगरोल रोड पर समसपुर व खेड़ली गांव के बीच दो मोटरसाइकिलों में आमने-सामने से भिड़न्त हो गई थी। इसके बाद थाना प्रभारी सीआई रामभरोसी मीणा जाप्ते के साथ मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन इस बीच दुर्घटना में घायल हुए तीन जनों को एम्बुलेंस से बारां जिला चिकित्सालय ले आया गया था। यहां चिकित्सकों ने पवन (17) व उसके चाचा गिरिराज धोबी (45) को मृत घोषित कर दिया।

मृतक गिरिराज की पत्नी संतोष बाई को मामूली चोटें आने से प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस ने देर रात को घटना स्थल से दोनों मोटरसाइकिलों को थाने में पहंचाया। दूसरी मोटर साइकिल पर सवार लोगों की उनकी मोटरसाइकिलों के नम्बरों के आधार पर तलाश की जा रही है। मृतकों के शवों का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार में मचा कोहराम

सुबह चाचा, भतीजे के शव मांगरोल पहुंचने पर इटावा रोड के निकट स्थित काजिया टोडी बस्ती में उनके घर पर कोहराम मच गया। हादसे की सूचना मिलने के रात को ही उनके रिश्तेदारों के उनके घर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। उनके परिजनों ने बताया कि मृतक चाचा, भतीजे व चाची के साथ बारां में पवन की बहन के लिए लड़का देखने गए थे। वापस मांगरोल लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।

Published on:
26 Jun 2019 10:00 am