
कोटा. भाजपा की चुनाव प्रबंध समिति अब हाड़ौती की छह सीटों पर दावेदारों के नामों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। दावेदारों के नामों पर जातीय समीकरण की दृष्टि से एक्सरसाइज की जा रही है। वहीं दावेदार अब भी जयपुर में डेरा डाले हुए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि लाडपुरा और हिण्डौली विधानसभा क्षेत्र में राजपूत समाज के दावेदारों के नामों पर विशेष चर्चा की जा रही है। गौरतलब है कि आनन्द पाल प्रकरण और गजेन्द्र सिंह शेखावत को अध्यक्ष पद न देने के बाद राजपूतों का एक गुट कई समय से भाजपा से नाराज चल रहा है ऐसे में पार्टी टिकट वितरण में भी कोई कोताही नहीं बरतना चाहती है। लाडपुरा से अब तीन दावेदारों का पैनल में नाम बताया जा रहा है। मौजूदा विधायक भवानीसिंह राजावत अब भी जयपुर में ही डेरा डाले हुए हैं। राजावत ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की है।
वहीं रामगंजमंडी से टिकट कटने के बाद चन्द्रकांता मेघवाल ने मंगलवार को जयपुर में मुख्यमंत्री से मुलाकात की है। मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विचार करने का आश्वासन दिया है। केशवरायपाटन और बारां एससी सीट पर अभी भाजपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं।
पीपल्दा विधायक विद्याशंकर नंदवाना ने भी सोमवार को जयपुर में मुख्यमंत्री से भेंट की। नंदवाना को मुख्यंत्री ने तैयारी करने को कहा है।
रामगंजमंडी से टिकट कटने के बाद चन्द्रकांता मेघवाल बोली, मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है विचार करेंगे। के. पाटन और अटरू सीट से विचार करने का आश्वासन दिया। लाडपुरा विधायक जयपुर में ही डटे हुए है। पीपल्दा विधायक को सीएम ने कहा तैयारी करो।