
कोटा. आरएपीपी के लिए भारी भरकम बॉयलर लेकर रावतभाटा जा रहे ट्रोले को बुधवार रात शहर से गुजरा जाएगा। ट्रोले के विद्युत लाइनों को छूने की आशंका के चलते रात से सुबह तक शहर के कई इलाकों में बिजली बंद रखी जाएगी। केईडीएल के सीओओ अभिजॉय सरकार ने बताया कि ट्रोले में रखे बॉयलर की ऊंचाई करीब 25 फीट और चौडाई 20 फीट है।
इस कारण ट्रोले के शहर से गुजरने के दौरान विद्युत लाइनों को छूने की आशंका है। इसे देखते हुए ट्रोला जिस क्षेत्रों से गुजरेगा वहां एहतियात के तौर पर बुधवार रात कुछ घंटों के लिए बिजली बंद रखी जाएगी। ट्रोले के साथ लाइनों की मरम्मत में लगी टीमें भी चलेंगी। ट्रोले के आगे बढऩे पर पिछले क्षेत्र में बिजली बहाल कर दी जाएगी। ट्रोला बुधवार रात 11 बजे नांता से रवाना होगा और देर रात 2 बजे तक कुन्हाड़ी पार करेगा। इस दौरान रात 11 से देर रात 2 बजे तक, नांता, सकतपुरा, कुन्हाड़ी में बिजली बंद रहेगी।
देर रात 2 बजे से गुुरुवार सुबह 4 बजे तक नयापुरा, एसपी सर्किल, पुलिस लाइन, सिविल लाइन, जेल रोड व बोरखेड़ा क्षेत्र में बिजली बंद रहेगी। बोरखेड़ा से सुबह 4 बजे ट्रोला देवली अरब रोड होते हुए रावतभाटा जाएगा। इसके चलते गुरुवार सुबह 4 से 7 बजे तक देवली अरब रोड, बख्शी स्प्रेंडेल्स स्कूल, राजनगर, रायपुरा में बिजली बंद रहेगी। ट्रोले की गति व निकलने में लगने वाले समय के आधार पर बिजली बंद होने के समय में परिवर्तन हो सकता है। ट्रोला अभी डाबी रोड पर कोटा थर्मल पर खड़ा किया गया है।