कोटा

बर्थ-डे के बहाने सूरत बुलाया, 20 दिन बंधक रखा, नशे के इंजेक्शन देकर कोटा की युवती के साथ करते रहे बलात्कार

कोटा की एक युवती के साथ सनसनीखेज मामला सामने आया हैै। इसमें सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद बर्थ-डे सेलिब्रेशन के बहाने युवती को गुजरात बुलाया गया और फिर 20 दिनों तक बंधक बनाकर उससे बलात्कार किया गया। 21 वर्षीय पीड़ित युवती किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से बचकर कोटा पहुंची। यहां उसने घरवालों […]

2 min read
Feb 04, 2026
Photo: Patrika

कोटा की एक युवती के साथ सनसनीखेज मामला सामने आया हैै। इसमें सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद बर्थ-डे सेलिब्रेशन के बहाने युवती को गुजरात बुलाया गया और फिर 20 दिनों तक बंधक बनाकर उससे बलात्कार किया गया। 21 वर्षीय पीड़ित युवती किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से बचकर कोटा पहुंची।

यहां उसने घरवालों को आपबीती बताई, इसके बाद कोटा पुलिस हरकत में आई। कोटा पुलिस ने जीरो एफआइआर दर्ज कर सूरत पुलिस को सूचित किया। सूरत पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पहचान 25 दिसंबर को सोशल मीडिया के जरिए सूरत निवासी युवक से हुई थी।

बातचीत के दौरान आरोपी ने बताया कि 1 जनवरी को उसका जन्मदिन है। उसने युवती को बर्थ-डे मनाने के लिए सूरत बुलाया। भरोसा कर युवती सूरत पहुंची, लेकिन वहां पहुंचते ही उसकी जिंदगी ‘नरक’ बन गई। आरोप है कि सूरत पहुंचते ही आरोपी और उसके साथी ने युवती को बंधक बना लिया और अलग-अलग होटलों में ले गया।

करीब 20 दिनों तक उसे होटल के कमरों में कैद रखा। इस दौरान युवती को नशे के इंजेक्शन देकर बेहोश किया जाता रहा और बार-बार उससे बलात्कार किया। विरोध करने पर उससे मारपीट की जाती रही और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

सोने के आभूषण लूट लिए

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसके सोने के गहने भी लूट लिए और उसे गलत धंधे में धकेलने की कोशिश की। लंबे समय तक शारीरिक और मानसिक यातनाएं झेलने के बाद एक दिन मौका पाकर वह आरोपियों से बच निकली और किसी तरह कोटा पहुंची। यहां उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों के साथ युवती कोटा शहर के एक थाने पहुंची, जहां 31 जनवरी को जीरो नंबर की एफआइआर दर्ज की गई।

मामला गुजरात के सूरत से जुड़ा होने के कारण एफआइआर सूरत पुलिस को ट्रांसफर कर दी गई। सूरत के एसीपी बीए चौधरी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में ही दोनों आरोपी अमन व रोहित को गिरफ्तार कर लिया।

वेटर व टेलर का काम करते हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी होटल में वेटर और टेलर का काम करते हैं। दोनों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवती को किन-किन होटलों में रखा गया और पूरी वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Also Read
View All

अगली खबर