कोटा

बाल अपचारियों ने किया हंगामा, निरीक्षण दल से की मारपीट

त्वरित सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
less than 1 minute read
• •
Updated: 7 Apr 2021, 10:28 PM IST
बाल अपचारियों ने किया हंगामा, निरीक्षण दल से की मारपीट
बाल अपचारियों ने किया हंगामा, निरीक्षण दल से की मारपीट

कोटा. फलौदी जेल की घटना के बाद बुधवार को अधिकारी रावतभाटा रोड स्थित बाल संप्रेषण गृह का औचक निरीक्षण करने पहुंचे तो बाल अपचारियों ने हंगामा कर दिया। केन्द्र के स्टाफ व निरीक्षण दल को घेर लिया और मारपीट कर दी। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक मुकुल शर्मा जाप्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और सख्ती दिखाते हुए बाल अपचारियों को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि कुछ बाल अपचारी निरीक्षण का विरोध करने लगे। इस दौरान बाल अपचारी ही दो गुटों में बंट गए और आपस में भिड़ते हुए निरीक्षण दल से मारपीट शुरू कर दी। इससे अधीक्षक अर्पित जैन समेत अन्य स्टाफ चोटिल हो गए। हमले के तुरंत बाद अधीक्षकव स्टाफ ने स्थिति संभालते हुए बाल अपचारियों को वापस कमरों में बंद करके बाहर से ताला लगा दिया। विरोध के बीच अधीक्षक, केयर टेकर व पुलिस गार्ड ने चैकिंग जारी रखी। एक बाल अपचारी के पास मोबाइल मिला। जिसे जब्त करने लगे तो वह विरोध करने लगे। कुछ बाल अपचारियों ने स्टाफ से मारपीट कर दी। बाल अपचारियों को कमरों में बंद कर दिया तो उन्होंने कमरों में तोड़-फोड़ शुरू कर दी। पलंग और कुर्सियों को इधर-उधर फेंकना शुरू कर दिया। खिड़कियां तोडऩे का प्रयास भी किया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सख्ती दिखाते हुए उन्हें शांत किया। बाद में पांच बाल अपचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बाल संप्रेषण गृह में दो कमरे में है, जिसमें 38 बाल अपचारी रह रहे हैं। स्टॉफ और संसाधनों की कमी है। यहां बाल अपचारी दो गुटों में बंटे हुए हैं। पहले भी कई बार इस तरह के हंगामे और मारपीट कर चुके हैं।

Published on: