कोटा

शहर की सफाई कल कर देना आज तो एप ही डाउनलोड करो, दिनभर मोबाइलों में जुटे रहे सफाईकर्मी

नगर निगम राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की दौड़ में आगे रहने के लिए गलत राह अपनाने से भी नहीं चूक रहा। सफाई कर्मचारियों से जबर्दस्ती एप डाउनलोड करवाए।
2 min read
• •
Updated: 9 Jan 2018, 10:22 AM IST
Cleanliness App

कोटा . नगर निगम राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की दौड़ में आगे रहने के लिए अब गलत राह अपनाने से भी नहीं चूक रहा। शहर की जनता ने स्वच्छता एप लोड करने में रूचि नहीं दिखाई तो अब निगम ठेका सफाई कर्मचारियों को जबर्दस्ती बुलाकर 'स्वच्छता एप डाउनलोड करा रहा है। सोमवार को पूरा दिन स्वच्छता एप डाउनलोड करने में ही निकल गया। इस कारण वार्डों में सफाई नहीं हुई। वार्डों में जगह-जगह कचरे और गंदगी के ढेर लगे रहे।


निगम के नयापुरा सेक्टर कार्यालय पर ठेका सफाई कर्मचारियों के मोबाइल पर स्वच्छता एप डाउनलोड करने के लिए शिविर लगाया गया। जो कर्मचारी सुबह वार्ड में सफाई के लिए निकल गए थे, उन्हें वापस सेक्टर कार्यालय बुला लिया गया। यहां निगम के कनिष्ठ अभियंता व तीन-चार कर्मचारी सफाई कर्मचारियों के मोबाइल लेकर स्वच्छता एप डाउनलोड करने में जुटे रहे।

सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो स्वास्थ्य निरीक्षकों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें शांत किया। कहा कि, 'एप डाउनलोड करने पर हाजिरी दर्ज हो गई, वार्ड में सफाई के लिए जाने की जरूरत नहीं है। शहर के अन्य सेक्टर कार्यालयों पर भी शिविर लगाकर स्वच्छता एप डाउनलोड कराया गया। अब तक करीब पांच हजार लोग स्वच्छता एप डाउनलोड कर चुके हैं।

Read More: कोटा के गर्ल्स हॉस्टलों को खंगाला तो मिले बेहद चौंका देने वाले हालात, जानकर आप भी हो जाएंगे...

दिनभर जमावड़ा
ठेका सफाई कर्मचारियों ने जबर्दस्ती स्वच्छता एप डाउनलोड करने की शिकायत पर सुबह 9 बजे 'पत्रिका टीम नयापुरा सेक्टर कार्यालय पर पहुंची। सफाई कर्मचारियों से पूछा कि यहां क्यों एकत्र हो रहे हो, तो कर्मचारियों ने बताया कि दिल्ली से टीम आई है, मोबाइल पर कुछ सिखा रहे हैं। 'पत्रिका टीम ने हकीकत जानी तो पाया कि निगम के एक जेईएन और कर्मचारी व ठेके के कर्मचारियों को एप डाउनलोड कराने का जिम्मा निगम प्रशासन ने सौंपा है। वे सफाई कर्मचारियों के मोबाइल पर एप डाउनलोड कर रहे हैं।


शिकायत पर सुनवाई नहीं
नयापुरा निवासी राजेश कुमार ने बताया कि रविवार को सफाई कर्मचारी अवकाश पर रहते हैं। सोमवार को भी नहीं आए। इस कारण नयापुरा क्षेत्र के सभी वार्डों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। पार्षद को शिकायत करने पर भी सफाई नहीं हुई। पार्षद मधु कुमावत ने भी वार्ड में सफाई कर्मचारी नहीं आने की शिकायत की है।

गलत कर रहा निगम
वार्ड 15 के पार्षद अतुल कौशल ने बताया कि रविवार को अवकाश के कारण वैसे ही वार्डों में सफाई नहीं हुई। सोमवार को भी एप डाउनलोड करने के नाम पर कर्मचारियों को सफाई नहीं करने दिया गया। मंगलवार को भी एप के लिए बुलाया है। एप के चक्कर में वार्ड क्या सड़ता रहेगा। निगम यह गलत कर रहा है।

सफाई समिति द्वितीय अध्यक्ष इन्द्रकुमार जैन ने बताया कि नयापुरा के सेक्टर कार्यालयों में एप डाउनलोड करवाने के कारण सफाई ठप रही। पार्षदों की शिकायतें आई हैं। मंगलवार को आयुक्त से बात करेंगे। एप डाउनलोड करवाएं, लेकिन सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

Published on: