
कोटा. विधायक भवानी सिंह राजावत ने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि कोटा शहर ही नहीं अपितु पूरा राजस्थान उनके लिए बराबर है। इसलिए कोटा शहर के विधानसभा क्षेत्रों में उन्हें बराबर बजट आवंटित करके विकास करवाना चाहिए। कार्यशैली में यह नजर आना चाहिए कि किसी से न लगाव है, न दुराव। अभी कई क्षेत्र बरसों से विकास के लिए तरस रहे और कई में डामर की सड़कें खुदवाकर सीसी रोड बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री को शहर में विकास में हो रहे असंतुलन को रोकना होगा।
राजावत ने उद्योग नगर थाने के समीप 12 करोड़ रुपए की लागत के छत्रपति शिवाजी उद्यान के भूमि पूजन के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि शिलान्यास के बाद 2 साल तक इस उद्यान का काम शुरू नहीं होना न्यास और ठेकेदारों की लापरवाही है। हाल ही में कोटा उत्तर को विकास कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपए मंजूर कर देना और दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में फ ूटी कौड़ी बजट आवंटित नहीं करना, यह जनता के साथ अन्याय है।
लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र में 20-20 साल पुरानी कई कॉलोनियां हैं जिनमें अब भी सड़कें, नालियां नहीं हैं। उन लोगों ने कौन सा अपराध किया है। अमृत योजना के बजट का 50 करोड़ रुपए भी कोटा उत्तर को आवंटित कर दिया गया। कोटा उत्तर में नियमों को ताक में रखकर गैर अनुमोदित कॉलोनियों के लिए करोड़ों के टेण्डर किए गए हैं।