
कोटा. करीब एक सप्ताह से महाराष्ट्र में ठहरा अरब सागर का मानसून मध्यप्रदेश सीमा में प्रवेश करता हुआ गुजरात की ओर बढ़ गया। वर्तमान में मानसून आधे गुजरात को पार कर चुका है, जो धीरे-धीरे राजस्थान की सीमा की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून की पठारी हिस्से की ओर बढऩे की रफ्तार यही रही तो संभवतया 48 घंटे बाद अरब सागर से उठे मानसूनी बादल गुजरात को भिगोते हुए प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी हिस्से मेवाड़, हाड़ौती को तर कर सकते हैं।
Read More:बदलता मिजाज मौसम का
मौसम विज्ञानी नंदबिहारी मीणा ने बताया कि वर्तमान में हाड़ौती में प्री मानसून की सक्रियता दिख रही है। दिनभर उमस, शाम को बादल और रात में ठंडी हवाएं चल रही हैं। देर रात को कई क्षेत्रों में बरसात हो रही है। इससे लग रहा है कि अब मानसून प्रदेश के नजदीक ही है। सोमवार को भी हाड़ौती के सुल्तानपुर, इटावा क्षेत्र में बरसात हुई। इटावा क्षेत्र के सनमानपुरा, हथौली बोरदा, चम्बल ढीपरी क्षेत्र में कभी तेज तो कभी रिमझिम बरसात का दौर जारी रहा।
Read More:ज्योतिषीय के अनुसार मौसम मे होने वाला है, ये बड़ा परिवर्तन-
दिनभर उमस, शाम को छाए बादल
हाडौती में सोमवार सुबह से तेज धूप रही। उमस व गर्मी से लोग परेशान रहे। शाम को कई क्षेत्रों में बादल छाए, जो बिन बरसे ही निकल गए। लोग पसीने से तरबतर हो गए। कोटा शहर का अधिकतम तापमान 39.1 व न्यूनतम 28.6 डिग्री रहा। बारां जिले में उमस से लोगों का बुरा हाल रहा। दोपहर बाद तेज हवा चली व बूंदाबांदी हुई। अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम 25 डिग्री रहा। बूंदी जिले में दोपहर तक धूप निकलने के बाद बादल छाए रहे। उमस ने लोगों को परेशान किए रखा। उमस के चलते पसीने ने भीगते रहे। कूलर पंखों की हवा भी बेअसर रही। बादल छाए रहने से बरसात होने की आशंका बनी हुई है। साोमवार को अधिकतम तापमान 42.4 व न्यूनतम 29 डिग्री रहा। झालावाड़ जिले में दिनभर उमस भरी गर्मी रही। दोपहर बाद बकानी, पिड़ावा, रटलाई में बारिश होने से लोगों ने गर्मी से राहत मिली। झालावाड़ में शाम को तेज हवाएं चली, लेकिन बारिश नहीं हुई। जिले का अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम 23 डिग्री रहा।