
कोटड़ी नहर में रेस्क्यू जारी। फोटो: पत्रिका
कोटा। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कोटड़ी नहर में नाव पलटने से डूबे चार लोगों में से दो के शव बुधवार सुबह निकाल लिए गए हैं। NDRF और SDRF की टीम ने सुबह 5.30 बजे रेस्क्यू दोबारा शुरू किया था। करीब 100 मीटर की दूरी पर ही दोनों शव मिल गए। मृतकों की पहचान विकास वर्मा उर्फ सुमन (22) निवासी खेड़ा रसूलपुर और सूरज सिंह (22) निवासी रोड नंबर-2 के रूप में हुई है। SDRF प्रभारी एकता हाड़ा ने बताया कि जहां नाव पलटी थी, उसके 100 मीटर आगे ही दोनों शव बरामद हुए हैं। आज उम्मेदगंज तक 6 बोटों से सर्चिंग की जा रही है। हर 2 किलोमीटर पर एक बोट तैनात कर 7 से 8 किलोमीटर के दायरे में तलाश जारी है।
बता दें हादसा मंगलवार शाम 5.30 बजे स्टील ब्रिज के पास हुआ था। नहर में मंगलवार को ही पानी छोड़ा गया था। हादसे में कुल 7 लोग बह गए थे। इसमें महिला मान कंवर, दीपक और नाविक सुरेश तैरकर बाहर आ गए थे, जबकि एशू जोशी (19) निवासी संजय नगर, राहुल जोशी (18) निवासी संजय नगर, सूरज सिंह और विकास वर्मा डूब गए थे। परिजनों को मौके पर बुलाया गया है। दो अन्य युवकों एशू और राहुल की तलाश जारी है।
घटना के समय शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर कसार में चल रहे एक कार्यक्रम में भाग ले रहे थे। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी ली और जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री दिलावर ने कहा कि घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। विसर्जन के लिए किशोरपुरा घाट में व्यवस्था की गई थी, लेकिन यहां कोई निर्धारित विसर्जन घाट नहीं है, ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि विसर्जन वहीं करें, जहां प्रशासन की ओर से विसर्जन घाट बनाए गए है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी मंगलवार रात घटनास्थल पर पहुंचे थे और बचाव कार्यों की जानकारी ली थी। उन्होंने अधिकारियों को तलाशी अभियान तेज करने और युवकों का पता लगाने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। बिरला ने एसडीआरएफ टीम को तलाशी अभियान का दायरा बढ़ाने को कहा। साथ ही, सीएडी अधिकारियों को नहर में स्टॉपर्स वाले स्थानों पर भी तलाशी शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि युवकों की तलाश में कोई जगह छूट न जाए।
उन्होंने प्रशासन से बचाव कार्य में पूरी तत्परता बरतने और सभी जरूरी संसाधनों का उपयोग करने को कहा। लोकसभा अध्यक्ष ने जिला कलक्टर को हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। बिरला ने युवकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उनके सकुशल मिलने की कामना की।
Updated on:
21 Oct 2026 10:32 am
Published on:
21 Oct 2026 10:20 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
