
प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया (पत्रिका फोटो)
Sawai Madhopur Railway Station: कोटा: पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर 20 अक्टूबर को गाड़ी संख्या 20156 नई दिल्ली-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस के जनरेटर सह लगेज कोच में धुआं दिखाई देने पर रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता से आवश्यक कार्रवाई करते हुए स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया। इस दौरान सभी यात्री और उनका सामान पूरी तरह सुरक्षित रहे।
गाड़ी संख्या 20156 सुबह 4:16 बजे सवाई माधोपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर पहुंची। सुबह 4:26 बजे प्रस्थान सिग्नल मिलने के बाद ट्रेन के पिछले हिस्से में लगे पावर कार में कार्यरत कर्मचारियों को धुआं और चिंगारी दिखाई दी। इस दौरान पावर कार का फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम (FSDS) सक्रिय हो गया। कर्मचारियों ने तत्काल ट्रेन मैनेजर को सूचना दी और अग्निशामक यंत्रों का उपयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित कोच को सुबह 4:35 बजे ट्रेन से अलग कर दिया गया। कोच में रखा सामान सुरक्षित रूप से सवाई माधोपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर उतार लिया गया। संबंधित अधिकारियों ने स्थिति की निगरानी करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
इसके बाद हेड-ऑन जनरेशन (HOG) प्रणाली के माध्यम से लोको से विद्युत आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था कर ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे के लिए रवाना किया गया।
घटना के कारणों का पता लगाने के लिए वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, कोटा ने संबंधित विभागों की संयुक्त जांच के आदेश दिए हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए। रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति सामान्य रही तथा सभी यात्री और उनका सामान सुरक्षित रहे।
Updated on:
20 Oct 2026 10:51 am
Published on:
20 Oct 2026 10:51 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
