
कोटा पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी। फोटो: पत्रिका
कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में पुलिस ने सोमवार को कोटा रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के बाद कोटा पुलिस ने सुबह रेलवे स्टेशन पर जयपुर-पुणे ट्रेन को घेरकर तीनों हमलावरों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले ट्रेन से जयपुर पहुंचने और फिर बस से दिल्ली होते हुए नेपाल भागने की फिराक में थे।
कोटा एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और सोनीपत निवासी एक नाबालिग के रूप में हुई है। एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मुंबई में वारदात के बाद तीनों हमलावर राजस्थान के लिए रवाना हो गए थे। इनका प्लान था कि ट्रेन से पहले जयपुर पहुंचे और फिर बस से दिल्ली जाकर वहां से नेपाल निकल जाएं।
कोटा एसपी ने बताया कि बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम को हमला हुआ था। आरोपियों के राजस्थान की ओर भागने के बारे में सुबह करीब 9:45 बजे मुबंई पुलिस की ओर से सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की 6 टीमें कोटा रेलवे स्टेशन पर पहुंची। आरोपी को पकड़ने के लिए हमने एग्जिट पॉइंट्स, प्लेटफॉर्म और कई अन्य जगहों को कवर किया। साथ ही पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन को चारों ओर से घेर लिया। करीब 15 मिनट तक ट्रेन में चली सघन जांच के बाद तीनों हमलावरों को पकड़ लिया। आरोपियों को पकड़ने के लिए 36 जवान तैनात रहे। अब आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा। पुलिस डिटेन करके हमलावरों को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय लाई, जहां पर पूछताछ के मुंबई पुलिस उन्हें लेकर मुंबई रवाना होगी।
बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन की उम्र करीब 22 साल है। वह मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में रहता था और रैपिडो बाइक चलाता था। रेहान सोनीपत में मजदूर के तौर पर काम करता है। पुलिस का दावा है कि एक आरोपी लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ है। रेहान पहले भी अनिल पंडित के संपर्क में रह चुका है। पुलिस के अनुसार रेहान ने ही सोनीपत के नाबालिग को इस योजना में शामिल किया था। मामले में आरोपियों की भूमिका और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
ट्रेन के कोटा पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। तीनों आरोपी ट्रेन के जनरल कोच में अलग-अलग जगह बैठे हुए थे। पुलिस ने करीब 15 मिनट में पूरी ट्रेन की तलाशी लेकर तीनों को पकड़ लिया। इस दौरान कोटा पुलिस के साथ ही जिला विशेष टीम, रेलवे कॉलोनी थाना, भीमगंजमंडी थाना, साइबर सेल, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें भी मौजूद रही।
गौरतलब है कि मुंबई के जुहू में रविवार शाम बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी। अभिनेता टाइगर के ड्राइवर फिरदौस और उनकी एक झलक पाने के लिए पास खड़े योगेश चव्हाण (28) को गोली लगी थी। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार टाइगर को गोली नहीं लगी थी, लेकिन बारूद और कांच के टुकड़ों से उनके बाएं हाथ में चोट आई।
Updated on:
19 Oct 2026 02:51 pm
Published on:
19 Oct 2026 02:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
