
Bमऊ.B ग्राम पंचायत की ओर से मऊ बालाजी धार्मिक स्थल पर किए जा रहे पौधरोपण में महज औपचारिकता पूरी करने का मामला सामने आया है। गांव के लोगों ने सूखे पौधे लगाने की शिकायत जताई है। पौधरोपण कार्य स्थल पर भगत हेमराज मीना और अन्य ग्रामवासियों ने बताया कि पंचायत द्वारा श्रमिकों से कई डंठलनुमा सूखे हुए पौध ही रोपित करवा दिए। पौधरोपण कार्य में पंचायत द्वारा महज औपचारिकता पूरी की जा रही है। हेमराज मीना ने प्रशासन से मांग की है जो पौधे लगाए जा रहे हैं उनकी सुरक्षा और देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों की शिकायत पर संवाददाता मौके पर पहुंचा तो देखा गया कि पंचायत द्वारा लगवाए कुछ पौधे तो हरे थे तथा कुछ रोपित पौधे डंठलनुमा खड़े थे जिनके पत्ते सूखे हुए थे। तने में गीलापन और सजीवता बाकी थी। ग्रामवासियों की उक्त शिकायत पर मऊ ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी विष्णु प्रसाद गोठानियां ने बताया कि पंचायत में पौधरोपण के लिए चार दिन पहले ही लगभग 400 पौधे आए थे लेकिन बारिश नहीं होने से कुछ पौधों के पत्ते मुरझा कर नीचे खिर गए हैं लेकिन इस इस धार्मिक स्थल पर जो पौधे अभी लगवाए गए हैं, उनमें अभी भी सजीवता मौजूद है। उनका डंठल तना हरा है। उनके केवल पत्ते सूखे हैं, बारिश होते ही सभी पौधे फिर से पल्लवित हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि 200 पौधे मऊ बालाजी धार्मिक स्थल पर तथा शेष 200 पौधे मऊ से कराडिया सड़क पर लगाए जाएंगे।