
कोटा. कोविड डेडिकेटेड अस्पताल में रविवार सुबह ऑक्सीजन प्लांट के इमरजेंसी पैनल में मात्र एक ही सिलेंडर रह गया। इसके चलते अस्पताल में संकट की स्थिति बन गई और प्रशासन के हाथ-पांव फू ल गए। आनन-फ ानन में नए अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाकर संकट को टाला गया। बाद में सप्लाई के ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचने से अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
दरअसल, सोशल मीडिया पर सुपर स्पेशयलिटी ब्लॉक का एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें रविवार को अलसुबह एसएसबी के ऑक्सीजन प्लांट में ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत बताई गई। उस समय 16- 16 सिलेण्डर के दो ब्लॉक पूरी तरह से खाली दिखाई दे रहे थे। यहां मात्र एक इमजरेंसी पैनल से ऑक्सीजन की सप्लाई दी जारी थी। उसमें भी काफी कम सिलेण्डर लगे हुए थे। साढ़े 8 बजे तक इमरजेंसी के 10 पैनल में से 9 पैनल में सिलेंडर खत्म हो चुके थे, केवल एक ही सिलेंडर से भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन सप्लाई की जा रही थी। इसकी सूचना अस्पताल प्रशासन को मिली तो हाथ-पांव फू ल गए। पास नए अस्पताल के प्लांट से ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाए गए और संकट को टाला गया। बाद में करीब 10 बजे सप्लायर की गाड़ी ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर पहुंची। उसके बाद राहत मिली।
700 से 800 सिलेण्डर हो रहे खत्म
कोटा में कोरोना के कहर के कारण कोविड डेडिकेटेड अस्पताल में ऑक्सीजन की खपत लगातार बढ़ती जा रही है। यहां नए अस्पताल व एसएसबी ब्लॉक में प्रतिदिन 700 से 800 ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म हो रहे है। एसएसबी में 32 सिलेंडर 60-60 लीटर का ऑक्सीजन प्लांट लगा है। इसी प्लांट से एसएसबी के 148 बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई की जाती है। दोनों अस्पतालों में 291 कोविड मरीज भर्ती हैं। इनमें से 130 ऑक्सीजन पर हैं। आईसीयू में 85 मरीज भर्ती है।
ऑक्सीजन की नहीं रहेगी कमी, कार्यादेश जारी
जिला कलक्टर उज्ज्वल राठौड़ ने बताया कि ऑक्सीजन की उपलब्धता में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जिले में कोरोना संक्रमितों के उपचार के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट एवं ऑक्सीजन सिलेंडरों की आपूर्ति करने के लिए कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं। यह कार्यादेश राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से जारी किए गए हैं। इसके तहत न्यू मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट और 500 ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।