
श्रद्धालुओं ने हवन में दी आहुतियां
बड़ाखेड़ा. भड़ल्या नवमी के पावन अवसर पर कस्बे की रेबारपुरा बस्ती स्थित नवनिर्मित रूपनाथ महाराज मंदिर में शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा श्रद्धा, आस्था और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।समारोह ज्योतिषाचार्य महावीर प्रसाद शास्त्री के सान्निध्य में आयोजित हुआ। पंडित नारायण शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराते हुए यज्ञ संपन्न कराया, जिसमें ग्रामीणों ने आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान पूरे गांव में धार्मिक उल्लास का माहौल रहा। श्रद्धालुओं की मौजूदगी, वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रशासक प्रदीप सिंह हाड़ा, हेमराज मीणा, हेमराज राईका,भीमराज, अखेराज, शंकर राईका, नाथूराम, मुकेश, गोविंद, अर्जुन, देवकरण सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।