कोटा

Research: लैब असिस्टेंट के बेटे की खोज ने बदल डाली विज्ञान की दुनिया, अजवाइन से खोजा प्रदूषण मिटाने का कारगर तरीका

अजवाइन से सिर्फ पेट का कचरा ही नहीं, औद्योगिक कचरे को भी साफ किया जा सकता है। कोटा यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट ने बायोनैनो पार्टिकल्स की खोज की है।
3 min read
• •
Updated: 20 May 2018, 2:12 PM IST
Research of Bionano Particles
Research: लैब असिस्टेंट के बेटे की खोज ने बदल डाली नेनौ पार्टिकल्स के नियम, अजवाइन से खोजा प्रदूषण मिटाने का कारगर तरीका

विनीत सिंह. कोटा . अजवाइन से सिर्फ पेट का कचरा ही नहीं, पर्यावरण में जहर घोलने वाले औद्योगिक कचरे को भी साफ किया जा सकता है। रसोई में इस्तेमाल होने वाले इस मसाले का अनूठा उपयोग खोज निकाला है एक लैब असिस्टेंट के बेटे राजेश मीणा ने।

कोटा विश्वविद्यालय के इस शोधार्थी ने अजवाइन के रस में ऐसे नैनो पार्टिकल खोजे हैं जो आसानी से और मामूली खर्च में ऑर्गेनिक पॉल्यूशन को खत्म कर देते हैं। शोध की शुरुआत में राजेश को ऐसी वनस्पतियां खोजनी थीं जिनमें प्रदूषक तत्वों को खत्म करने की क्षमता हो। लिटरेचर सर्वे के दौरान उन्होंने पाया कि अजवाइन के औषधीय गुण ऐसे नैनो पार्टिकल बनाने की क्षमता रखते हैं, लेकिन समस्या यह थी कि इनका इस्तेमाल कैसे किया जाए?


सौंदर्य प्रसाधनों में इस्तेमाल संभव
शोधार्थी ने बताया कि सौंदर्य प्रसाधनों में केमिकल्स मिलाए जाते हैं जो कोशिकाओं को मार देते हैं और वक्त से पहले बुढ़ापा झलकने लगता है। ऐसे में अजवाइन आदि वनस्पतियों से खोजे गए नैनो पार्टिकल्स को सौंदर्य प्रसाधनों में केमिकल्स की जगह इस्तेमाल किया जा सकता है। ये कोशिकाओं को मारने की बजाय उल्टा उनका इलाज करेंगे। इन पार्टिकल्स का एंटी फंगल, एंटी ऑक्सीडेंट और एंटी बेक्टेरियल दवाओं में भी उपयोग किया जा सकता है।

ऐसे खोजे नैनो पार्टिकल्स
राजेश ने पहले अजवाइन से औषधीय गुण पैदा करने वाले तत्वों एलक्लोइट्स, टर्पिनोइट्स, पॉलीफिनोल्स और फाइटोकेमिकल्स को अलग किया और फिर इनकी चांदी और सोने के सॉल्ट के साथ क्रिया कराई। इससे उन्होंने उत्प्रेरक के तौर पर काम करने वाले बायो नैनो पार्टिकल खोज निकाले।

बढ़ाया शोध का दायरा
राजेश की रिसर्च गाइड और कोटा विवि की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नीलू चौहान बताती हैं कि दोनों शोध सफल रहे तो हिम्मत बढ़ गई। इसके बाद चाय, एलोवेरा, मैथी, शिकाकाई और आंवला से भी ऐसे नैनो पार्टिकल्स खोजे जिनमें अजवाइन से बने नैनो पार्टिकल्स से मिलते-जुलते गुण थे। इनकी भी जब ऑर्गेनिक पॉल्यूशन के साथ क्रिया कराई तो अजवाइन जैसे नतीजे आए।

इको फे्रंडली बन गया इंडस्ट्रियल वेस्ट
इन नैनो पार्टिकल्स को जब ऑर्गेनिक पॉल्यूटेंट में डाला तो इंडस्ट्रियल वेस्ट में मौजूद जहरीले तत्वों की प्रकृति बायो वेस्ट में तब्दील हो गई, पूरा कचरा इको फ्रेंडली बन गया। दूसरे चरण में इनका इस्तेमाल हैवी इंडस्ट्रीज के दूषित पानी में घुले हानिकारक तत्वों को साफ करने में किया। नतीजे चौंकाने वाले रहे। बायो नैनो पार्टिकल्स ने हेवी मेटल्स और प्रदूषणकारी रसायनिक तत्वों को जड़ से खत्म कर दिया।

पांच साल, सात अवार्ड
सवाईमाधोपुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लैब असिस्टेंट श्रीनिवास मीणा के बेटे को इस खोज में 5 साल का वक्त लगा। डॉ. चौहान बताती हैं कि नैनो टेक्नोलॉजी की दुनिया में हुई इस बड़ी खोज के लिए राजेश को डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्रोलॉजी का डॉ. एसके बनर्जी अवार्ड, इंस्पायरेशन अवार्ड, इंडियन केमिकल सोसायटी का यंग साइंटिस्ट अवार्ड आदि पांच बड़े पुरस्कार मिले। यही नहीं, तिरुपति की राष्ट्रीय संस्कृत विद्यापीठ में 9 मई को आयोजित इंटरनेशनल यंग साइंटिस्ट कांग्रेस में इंटरनेशनल साइंस कम्युनिटी एसोसिएशन की ओर से दो सबसे बड़े अवार्ड इंटरनेशनल बेस्ट रिसर्च स्कॉलर अवार्ड और इंटरनेशनल यंग साइंटिस्ट अवार्ड से भी उन्हें नवाजा गया है।


बदल जाएगा उद्योग जगत
डॉ. चौहान कहती हैं कि औद्योगिक कचरा इस वक्त पूरी दुनिया के लिए मुसीबत है। ऐसे में नई खोज इस मुसीबत से निपटने का कारगर तरीका साबित होगी। बड़ी बात यह कि इन पार्टिकल्स को औद्योगिक कचरे को इको फ्रेंडली बनाने में बेहद कम समय लगता है। पूरी प्रक्रिया सस्ती और सुरक्षित है।

Published on: