कोटा

डबल मर्डर का खुलासा: प्रेमी बोला – गहने और नकदी लेकर पति के पास आ गई थी सोहनी, इसलिए कर दी हत्या

भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में दो दिन पहले डबल मर्डर के आरोपित को मंगलवार को श्योपुर पुलिस की सहायता से गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
Jan 24, 2018
Double Murder

कोटा . भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में दो दिन पहले डबल मर्डर के आरोपित को मंगलवार को श्योपुर पुलिस की सहायता से गिरफ्तार कर लिया। शहर पुलिस अधीक्षक अंशुमान भौमिया ने बताया कि चौपड़ा फार्म गली नम्बर दो निवासी नीरज पाराशर की पत्नी सोहनी (35) व बेटे पीयूष (12) की 21 जनवरी को देर शाम घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

मृतका के पति ने मुरैना निवासी चंद्रकांत पाठक पर हत्या का शक जाहिर किया था। आरोपित की तलाश के लिए पुलिसकर्मियों की टीमें गठित की। श्योपुर पुलिस की सहायता से आरोपित मुरैना के दतपुरा निवासी चंद्रकांत पाठक उर्फ दिलीप (28) को गिरफ्तार किया गया। जिसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

Read More: डबल मर्डर: मां के कनपटी पर और मासूम बेटे के सीने पर मारी गोली, खून से सनी दीवारें

साथ रहे, फिर छोड़ दिया
एसपी ने बताया कि प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि मृतका व आरोपित की 17 साल से पहचान थी। दोनों कुछ समय साथ रहे, फिर सोहनी कुछ दिन पहले ही कोटा लौट आई। आरोपित का कहना है कि कुछ समय पहले उसने जमीन बेची थी। जिसकी रकम व कुछ जेवरात सोहनी साथ लेकर आ गई थी। वहीं लेने वह यहां आया था।

बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में उसने गोली चला दी। चश्मदीद गवाह होने से बेटे को भी गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपित पहले दिल्ली चला गया और वहां से श्योपुर आया था। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपित एक दिन पहले कोटा आकर एक होटल में ठहरा था। गौरतलब है कि भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में दो दिन पहले आरोपित प्रेमी चंद्रकांत पाठक ने घर में घुस कर मां बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

Updated on:
24 Jan 2018 12:22 pm
Published on:
24 Jan 2018 07:43 am