कोटा

राजस्थान का अजीब अस्पताल, यहां इलाज के बाद फिर से घायल हो जाते हैं मरीज

मुंह मारते रहते हैं आवारा मवेशी , लोग खड़े कर जाते हैं वाहन
2 min read
• •
Updated: 4 Jun 2018, 1:27 PM IST
hospital
राजस्थान का अजीब अस्पताल, यहां इलाज के बाद फिर से घायल हो जाते हैं मरीज

कोटा . रामपुरा जिला अस्पताल में लम्बे समय से आवारा मवेशियों का जमावड़ा है, मरीजों को परेशानी रहती है। आलम यह है कि यहां जगह-जगह आवारा मवेशी घूमते हैं। आतंक इतना कि तीमारदार बैठकर खाना भी नहीं खा सकते।

गाडिय़ों में कोई खाद्य सामग्री रखी हो तो ये उसमें मुंह मारकर खराब कर देते हैं। समस्या समाधान के लिए स्टाफ भी कई बार लिखकर दे चुका लेकिन अस्पताल प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
खड़े रहते हैं निजी वाहन अस्पताल की खाली जगह पर साइकिल स्टैण्ड बना दिया है।

जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की गाडिय़ां यहां सालों से खड़ी हैं। विभाग यहां ये गाडियां नहीं हटा रहा। प्राइवेट लोग भी यहां गाडिय़ां खड़ी करके चले जाते हैं, इन्हें रोकने वाला तक कोई नहीं है।

आस-पास के लोग भी रात को अस्पताल परिसर में ही गाडिय़ां पार्क कर चले जाते हैं। नतीजा यह कि अस्पताल समय में स्टाफ व मरीजों को यहां गाडिय़ां खड़ी करने में समस्या आती है।

दूर करेंगे समस्याएं
डॉ. एचएल मीणा, रामपुरा अस्पताल के कार्यवाहक अध्यक्ष का कहना है की रामपुरा चिकित्सालय में आवारा मवेशी व अवैध वाहनों के खड़े होने की समस्या को दूर किया जाएगा।

शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान
मरीज व तीमारदारों ने बताया कि अस्पताल प्रशासन से इस संबंध में कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन ध्यान नहीं दिया जाता। दिनभर आवारा मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जो आपस में लड़ते-झगड़े रहते हैं। ऐसे में मरीजों व तीमारदारों को टक्कर मारकर घायल कर देते हैं।

इसके अलावा यहां खाना खाने के दौरान मवेशी लोगों पर झपट्टा मारते हैं। इसके अलावा यहां वाहन खड़ा करने के लिए भी जगह नहीं है। अस्पताल की जमीन पर आसपास के लोगों ने अवैध पार्किंग बना रखी है। रात के समय यहां वाहन खड़ा कर जाते हैं, जो दिनभर यहीं खड़े रहते हैं।

Published on: