कोटा

राजस्थान में मानसून की एन्ट्री यहां से होगी, एसडीआरएफ तैनात

मानसून की दस्तक से पहले एसडीआरएफ की टीमें तैनात

2 min read
Jun 23, 2023
राजस्थान में मानसून की एन्ट्री यहां से होगी, एसडीआरएफ तैनात

कोटा. राजस्थान में जल्द मानसून आने की संभावना है। मानसून राजस्थान के चेरापूंजी कहे जाने वाले झालावाड़ जिले से एन्ट्री किए जाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में प्री मानसून बारिश का दौर शुरू हो गया है। जल्द ही मानसून आने वाला है। मानसून के स्वागत में प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार झमाझम बारिश हो सकती है।
उधर मानसून की दस्तक से पहले ही एसडीआरएफ की टीमें कोटा संभाग के जिलों मेंं भेज दी गई हैं। कंपनी के कमांडेंट राजकुमार गुप्ता के निर्देशन में गुरुवार को टीमों को भेजा गया। कंपनी कमांडर एकता हाड़ा के अनुसार बारां और झालावाड़ में दो-दो टीमें तथा कोटा शहर व कोटा ग्रामीण में एक-एम टीमें तैनात की गई हैं। एक टीम को रिजर्व रखा है।
हाड़ौती अंचल में भी कई जिलों में बारिश
कोटा. राजस्थान में मानसून पूर्व की गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इसके चलते हाड़ौती अंचल में भी कई जिलों में बारिश हो रही है। कई जिलों में बारिश नहीं होने से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। कोटा में शुक्रवार को दिनभर उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। बादल भी छाए रहे। इससे उमस का जोर बढ़ गया। कूलर-पंखों की हवा भी बेअसर रही। गर्मी के चलते दिन में लोग घरों से बाहर कम ही निकले। मौसम विभाग के अनुसार, एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ अधिकतम तापमान 37.7 व न्यूनतम तापमान 3 डिग्री बढ़कर 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 11 किमी प्रति घंटे की रही।
बारां शहर में दिनभर बादल छाए रहे। इस दौरान लोग उमस और गर्मी से परेशान रहे। बादल छाए रहने से मामूली राहत रही। जिले में कई जगह धूप और छांव का खेल चलता रहा। अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का प्रतिशत 55 रहा। हवा की अधिकतम गति 34 किमी प्रतिघंटे रही। बूंदी शहर में सुबह से ही बादल छाए रहे। कूलर-पंखों की हवा में भी गर्मी का अहसास होता रहा। अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। झालावाड़ शहर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए। इस दौरान गर्मी से राहत मिली, लेकिन उमस ने परेशान किया। शाम 4 बजे बाद शहर में हल्की तो जिले में खानपुर, गागरोन में अच्छी बरसात हुई। अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Published on:
23 Jun 2023 10:34 pm
Also Read
View All