
कोटा. हाड़ौती में मानसून की बेरुखी ने किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें खींच रखी हैं। हाड़ौती में 27 जून को मानसून की पहली बारिश हुई। आस बंधी थी कि अब तो झमाझम होगी, लेकिन मानसून सक्रिय होने के 14 दिन बाद भी मूसलाधार बरसात कहीं नहीं हुई। खंड बारिश हो रही है। रोजाना बादल छा रहे और हवा के रुख के साथ छंट रहे। पहली बारिश होते ही किसानों ने उड़द, सोयाबीन, मूंग, मक्का की बुवाई की। बीज उग तो आया, लेकिन बरसात नहीं होने व तेज धूप के चलते अंकुरित बीज कुम्हला रहा है। खेतों की नमी सूखने से बीज उगा तक नहीं।
इंद्रदेव की मनुहार
इंद्रदेव को मनाने के लिए गांव-ढाणियों में किसान परम्परागत आयोजनों में जुटे हैं। कहीं गांव के बाहर सामूहिक भोजन हो रहा, तो कहीं देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना। कई ग्रामीण घासभैरू की सवारी निकालने में लगे हैं। गांवों के मंदिरों में रात-रात भर जागरण हो रहे हैं। ग्रामीण बालाएं सिर पर गोबर-कवेलू रखकर घर-घर मेंडकी को पानी से भिगोने की गुहार करती नजर आती हैं।
गड़बड़ाया मौसम विभाग का पूर्वानुमान
पहले घोषित किया कि 28 जून के बाद मानसून सक्रिय होगा, लेकिन राजस्थान में २७ जून को मानसून सक्रिय हो गया। फिर कहा कि प्रदेश में 1 जुलाई से 48 घंटे तक मूसलाधार बरसात होगी लेकिन एेसा कुछ नहीं हुआ। फिर घोषणा हुई कि 11 से 14 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा लेकिन बुधवार लगभग सूखा ही निकला।
चारे-पानी पर भी संकट
बरसात नहीं होने से खेतों में हरा चारा नहीं उगा है। जिन खेतों में छोटी घास उगी उसे भी किसानों ने बुवाई के लिए हकवा दिया। खेतों में दूर-दूर तक गड्ढों में पानी नजर नहीं आ रहा। खाळ-नाल सूखे पड़े हैं। एेसे में मवेशी गांव के आसपास ही या गांव की गलियों में ही मंडराते नजर आ रहे हैं।
धरती पुत्रों का दर्द
बरसात नहीं होने से खेत सूखे हैं। चिलचिलाती धूप है। महंगा मोल का बीज खरीद कर बोया जो भी आधा ही उगा है। जो उगा उसे भी आवारा मवेशी खा रहे। अगर पानी नहीं बरसा तो दुबारा बुवाई करने की हैसियत नहीं है।
केदारलाल टेलर, किसान
बरसात नहीं होने से हालत खराब होती जा रही। फसलें सूख रही हैं। मवेशियों को न तो हरा चारा मिल रहा और न पानी। दूधारु मवेशियों का दूध सूखने लगा है। बरसात नहीं हुई तो अकाल पड़ जाएगा।
रामनारायण मीणा, किसान
गत वर्ष लहसुन, उड़द, चना का उचित दाम नहीं मिलने से किसानों की कमर टूटी है। 10-12दिन पहले बरसात हुई तो बुवाई हो गई, अब फसलें सूख रही हैं। 8-10 दिन बरसात नहीं हुई तो भूखे मरने की नौबत आ जाएगी।
रामचरण मीणा, किसान
बरसात नहीं होने से जानवर प्यासे मर रहे हैं। किसान ने बीज डाल दिया, उगा नहीं है। बड़े किसान तो और धंधा भी कर सकते हैं। छोटे तो खेती-पशुपालन पर ही जिंदा हैं। लहसुन का भाव नहीं मिल रहा। गरीब किसान तो मर रहा है।
द्वारका बाई, ग्रामीण महिला
बरसात नहीं होने से फसलें सूख रही हैं। जानवर प्यासे मर रहे हैं। पानी पाताल जा रहा है। नलकूप सूखने के कगार पर है। चारा नहीं है तो गायों को सूना छोडऩा पड़ रहा है।
रामकन्या सुमन, ग्रामीण महिला
70 किमी रफ्तार से बढ़ रहे बादल
हाड़ौती में 14 जुलाई तक झमाझम बरसात का पूर्वानुमान है। अब तक मानसून की सक्रियता मुम्बई में देखी जा रही है। जहां से बादल 60-70 किमी की रफ्तार से मध्य-पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहे हैं। संभावना है कि एक-दो दिन में झमाझम बरसात हो सकती है।
नंद बिहारी मीणा, मौसम विज्ञानी