
कोटा. छत्रपुरा स्थित एक मकान में रविवार शाम आग लग गई। आग से मकान के हॉल में रखे निकाह सम्मेलन के उपहार जल गए। सूचना पर दमकल मौके पर पहुंची। थोड़ी देर में ही आग पर काबू पा लिया। मंसूरी समाज के सचिव सिराज अहमद ने बताया कि जमीयतुल अंसारियान कमेटी की ओर से आगामी 28 अप्रेल को पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउण्ड में 131 जोड़ों का निकाह सम्मेलन होना है। इसमें जोड़ों को फ्रीज, एलईडी, वॉशिंग मशीन व अन्य सामान उपहार में देने हैं। यह सामान छत्रपुरा निवासी कमेटी के पदाधिकारी इशाक के घर रखा था।
रविवार शाम इशाक के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आस-पड़ोस के लोगों ने आग बुझाना शुरू किया। थोड़ी ही देर में दमकल भी पहुंच गई। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। सिराज अहमद ने बताया कि आग से 55 एलईडी, वॉशिंग मशीन व प्लास्टिक का सामान जल गया। हॉल में खड़ी एक मोपेड भी जल गई। उन्होंने बताया कि करीब 6-7 लाख का नुकसान हुआ है।
धमाके के साथ फूटी एलईडियां
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटे इतनी बढ़ गई थी कि आग घर के अन्य कमरों में भी पहुंच गई और रखी 55 एलईडी तेज धमाके के साथ फूटती रही। कांच के टुकड़े उछलकर गिरते रहे। लोगों ने आस-पड़ौस के घरों से पानी एकत्रित कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। आग से फैला धुआं देख लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। सूचना पर दमकल भी मौके पर पहुंची और 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद घर के हालातों का जायजा लिया तो निकाह सम्मेलन में जोड़ों को दिए जाने वाले उपहार जलकर खाक हो चुके थे। इससे सम्मेलन कमेटी को लाखों का नुकसान हो गया।