कोटा

कोटा के इस सरकारी विभाग में देखिए कैसे चलता है पैसे का खेल, जेब में माल रखो और करवाओ फर्जी काम

फायर एनओसी देने में अग्निशमन अनुभाग के अधिकारियों ने मनमर्जी चला रखी है। सहायक अग्निशमन अधिकारी ने नियमों से परे जाकर एक स्कूल को एनओसी जारी कर दी।
less than 1 minute read
• •
Updated: 14 May 2018, 1:24 PM IST
patrika

कोटा . नगर निगम में फायर एनओसी देने में अग्निशमन अनुभाग के अधिकारियों ने मनमर्जी चला रखी है। सहायक अग्निशमन अधिकारी अमजद खान ने नियमों से परे जाकर एक निजी स्कूलों को फायर एनओसी जारी कर दी। इस एनओसी का निगम जावक पंजिका में कोई इन्द्राज तक नहीं है। ऐसे में एनओसी जारी करने पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। गलत तरीके से एनओसी जारी करने की शिकायत एसीबी में पहुंच गई है।

स्वायत्त शासन विभाग के तत्कालीन निदेशक एवं विशिष्ट शासन सचिव पुरुषोत्तम बियाणी ने जून 2016 में फायर एनओसी जारी करने के बारे में आदेश जारी किया था। फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र के संबंध में निर्णय लेने के लिए नगर निगम के मामले में मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा अन्य नगरीय निकायों के मामलों में अग्निशमन से संबंधित अधिकारी की अभिशंसा पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को फायर अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए अधिकृत किया गया था।

रिश्वत लेते पकड़ा था खान
शिकायतकर्ता महेन्द्र शर्मा ने बताया कि एसीबी में इस मामले की शिकायत की जा चुकी है। सोमवार को एक स्कूल को गलत तरीके से एनओसी देने से संबंधित दस्तावेज एसीबी में सौंपे जाएंगे। उधर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ठाकुर चन्द्रशील कह चुके हैं कि फायर एनओसी में गड़बड़ी की जांच की जा रही है। अमजद खान के अलावा सहायक अग्निमशन अधिकारी राकेश व्यास और मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय शर्मा की भूमिका की भी जांच कर रहे हैं।

आरटीआई से खुलासा
सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी के अनुसार कोटा निगम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी की उपस्थिति में सहायक अग्निशमन अधिकारी खान ने एक स्कूल को फायर एनओसी जारी की थी। इस एनओसी का निगम के रिकॉर्ड में कोई इन्द्राज नहीं है। ऐसे में एनओसी भी फर्जी होने की आशंका है।

Published on: