कोटा

BIG News: बाइक चोरों ने कोटा पुलिस पर की अंधाधुंध फायरिंग, बाल-बाल बचे दो कांस्टेबल

रामगंजमंडी में सोमवार रात करीब 3 बजे बाइक चोरी कर ले जाते एक आरोपी को पुलिसकर्मियों द्वारा दबोचने पर उसके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी।
2 min read
• •
Apr 24, 2019
firing on kota police
BIG News: बाइक चोरों ने कोटा पुलिस पर की अंधाधुंध फायरिंग, बाल-बाल बचे दो कांस्टेबल

रामगंजमंडी (कोटा). खैराबाद-गोयन्दा रोड पर सोमवार रात करीब 3 बजे बाइक चोरी कर ले जाते एक आरोपी को पुलिसकर्मियों द्वारा दबोचने पर उसके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। घटना में पुलिसकर्मी बाल बाल बचे।

पुलिस ने 4 जनों के खिलाफ प्राणघातक हमले व राजकार्य में बाधा पहुंचाने का प्रकरण दर्ज किया है।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजन दुष्यंत ने बताया कि सोमवार रात को गश्त दौरान खैराबाद चौकी में कार्यरत पुलिसकर्मी हिम्मत सिंह व प्रदीप यादव को खैराबाद-गोयन्दा रोड पर हिरियाखेडी बस्ती के निकट दो मोटर साइकिलों पर चार जने संदिग्ध नजर आए। पुलिसकर्मियों ने रोका तो चारों सड़क किनारे बाइक खड़ी कर भागने लगे।

पुलिसकर्मी पीछे भागे और कुछ दूरी पर एक को धर दबोचा। पकड़े गए संदिग्ध ने खुद को छुड़ाने के लिए प्रदीप के हाथ पर काटा, फिर उसके साथियों ने पथराव किया। कामयाब नहीं हुए तो उन्होंने देसी कट्टे से पुलिसकर्मियों पर 2 फायर किए। हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, उन्होंने संदिग्ध को छोड़ा नहीं। फायर व पथराव की आवाजें सुनकर लोग घरों से बाहर आ गए। सूचना पर रामगंजमंडी पुलिस का जाप्ता भी पहुंच गया। इस बीच अन्य आरोपी भाग गए। पुलिस ने मौके से 315 बोर देसी कट्टे के कारतूस का खोखा और दोनों बाइक बरामद कर ली हैं। आरोपियों की की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है।

पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी विनोद कंजर निवासी बावन देवरियां थाना गंगधार जिला झालावाड़ ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने हिरियाखेड़ी से रात को ही 2 बाइक चुराई थी। पुलिस ने बताया कि ये मोटर साइकिल मेहबूब खां व मुकेश नाथ की हैं।

पुलिसकर्मियों का होगा सम्मान

एसपी ने बताया कि साहस का परिचय देते हुए चोर गिरोह के सदस्यों से मुकाबला करने वाले पुलिसकर्मी हिम्मत सिंह व प्रदीप यादव का सम्मान किया जाएगा।

Published on:
24 Apr 2019 08:00 am